तेलंगाना में कांग्रेस को याद आया 'परिवारवाद', 'निजाम शासन' का नाम लेकर वोटरों से की ये अपील
कांग्रेस ने हैदराबाद में आयोजित सीडब्ल्यूसी (CWC) के माध्यम से केंद्र की बीजेपी और तेलंगाना की बीआरएस दोनों ही सरकारों को निशाने पर लिया है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने आरोप लगयाा है कि 9 वर्षों में गोल्डन तेलंगाना का 'झूठ बिखर' चुका है। कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर ही राज्य को 'धोखा' देने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और उनके परिवार ने प्रदेश में 'परिवार का शासन' स्थापित कर लिया है और 'निजामों की तरह शासन' करके राज्य को पीछे धकेल दिया है। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी में सोनिया गांधी परिवार के दबदबे के चलते बीजेपी उसपर 'परिवारवाद' का आरोप लगाती रही है।

विधानसभा और लोकसभा चुनावों में वोट देने की अपील
इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी में फैसला लेने वाली सबसे बड़ी संस्था ने तेलंगाना के लोगों से अपील की है कि वे आने वाले विधानसभा चुनावों और संसदीय चुनावों में पार्टी के पक्ष में मतदान करें। सीडब्ल्यूसी ने वोटरों से अपनी अपील में कहा है, 'अब 'बंगारू' (स्वर्णिम) तेलंगाना के सपने को फिर से जगाने और तेलंगाना के लोगों को ऐसा भविष्य देने का वक्त आ गया है, जिसके वे हकदार हैं।'
स्वर्णिम तेलंगाना की थी उम्मीद- कांग्रेस
कांग्रेस ने यह भी याद दिलाने की कोशिश की है कि तेलंगाना के गठन में पार्टी की क्या भूमिका रही है। इसने कहा कि यहां के लोगों के संघर्ष की वजह से ही 2014 में अलग तेलंगाना राज्य का गठन हो पाया था। पार्टी के मुताबिक, 'तेलंगाना के लोग एक ऐसे 'बंगारू' तेलंगाना की उम्मीद और कामना कर रहे थे, जहां वे सभी के लिए निधिलू, नीलू, नियामकलू- संसाधन, पानी, रोजगार के साथ अपने भविष्य की दिशा तय कर सकते थे।'
सीडब्ल्यूसी की ओर से कहा गया है, '(पूर्व)यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और (पूर्व)प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने तेलंगाना के लोगों की आवाज पर मजबूती से ध्यान दिया और प्रत्येक स्टेकहोल्डर्स से परामर्श किया और हर राजनीतिक चुनौती पर सफलता पाई।'
दिल्ली और हैदराबाद दोनों सरकारों ने धोखा दिया है-कांग्रेस
तेलंगाना के वोटरों से अपील में पार्टी ने कहा है, 'तेलंगाना के गठन के 9 वर्ष बाद अभी भी, सीडब्ल्यूसी दुख के साथ कहती है कि स्वर्णिम तेलंगाना का वादा चकनाचूर हो गया है, दिल्ली और हैदराबाद दोनों सरकारों ने धोखा दिया है.....' पार्टी ने आरोप लगाया है कि जिस सपने के लिए तेलंगाना के लोगों ने लड़ाई लड़ी थी, वह अभी तक नहीं पूरा हो सका है।
परिवार का शासन स्थापित कर लिया है- कांग्रेस
पार्टी ने आरोप लगाया है कि नए प्रदेश के जो संसाधन यहां के लोगों के लिए थे, 'उनके बजाए सत्ता में बैठे लोगों ने हड़प लिया है......।' इसने कहा है कि 'मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और उनके परिवार ने परिवार का शासन स्थापित कर लिया है और लोगो की आवाज को अनसुना कर रहे हैं।' दावा किया गया है कि सुनहरे भविष्य की जगह राज्य को निजाम के शासन जैसे दौर में पीछे धकेल दिया गया है।
कांग्रेस की ओर से ये भी दावा किया गया कि पार्टी ने इस 'कुशासन' के खिलाफ एक व्यापक जन-संपर्क अभियान शुरू किया है, जिसकी शुरुआत भारत जोड़ो यात्रा से ही शुरू हो चुकी थी। पार्टी के मुताबिक तब राहुल गांधी ने राज्य के 8 जिलों में 405 किलोमीटर की दूरी तय की थी।
पार्टी का दावा है कि लाखों लोगों ने दिल्ली में बीजेपी और हैदराबाद में बीआरएस की सरकार के खिलाफ अपने अनुभव साझा किए हैं कि दोनों ने ही गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों की कीमत पर कुछ ही लोगों को चुना है। पार्टी का दावा है कि कांग्रेस हमेशा ऐसी समावेशी इकोनॉमी अपनाती है, जिसका फायदा सभी तक पहुंचता है।
तेलंगाना में भी कर्नाटक दोहराने का दावा
पार्टी ने कहा है कि 'कर्नाटक में कांग्रेस की सफल सरकार ने 100 दिनों के भीतर अपनी गारंटी पूरी की है, जो यह दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी खोखले वादे या जुमले नहीं बनाती, बल्कि वह इतिहास रचती है।' पार्टी ने दावा किया है कि वह तेलंगाना में भी ऐसा ही इतिहास रचने के लिए तैयार है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications