सेबी चीफ माधबी पुरी पर कांग्रेस के 3 सवाल, राहुल गांधी ने 10 मिनट का वीडियो किया जारी
सेबी चीफ माधबी पुरी बुच पर कांग्रेस ने हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस ने माधबी पुरी को लेकर सीधा सवाल किया है कि आखिर क्यों उन्हें संसदीय कमेटी के सामने पेश होने से बचाया जा रहा है। राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके शेयर बाजार में निवेशकों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी। उन्होंने शेयर बाजार में छोटे निवेशकों के हितों को लेकर चिंता जाहिर की थी।
राहुल गांधी के वीडियो के बाद कांग्रेस ने माधबी पुरी को लेकर तीन तीखे सवाल दागे हैं। दरअसल माधबी पुरी बुच पिछली सुनवाई के दौरान संसदीय कमेटी के सामने पेश नहीं हुई थीं, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ रहा है।

कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने पूछा आखिर क्यों माधबी पुरी पीएसी के सामने सवालों के जवाब देने से बच रही हैं, उन्हें बचाने के लिए कौन योजना बना रहा है, ताकि वह पब्लिक अकाउंट्स कमेटी के सवालों से बच पाएं। क्या मोदी जी के प्यारे दोस्त अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए छोटे निवेशकों की मेहनत की कमाई को जोखिम में डालने की सुनियोजित योजना बनाई गई है।
कांग्रेस के 3 सवाल
इससे पहले राहुल गांधी ने वीडियो जारी करते हुए लिखा था, PAC को जवाब देने से बचाओ। SEBI से इस्तीफ़े से बचाओ। अडानी पर जांच से बचाओ। कौन है ये सिंडिकेट जो 'बुच को बचा' रहा है? और सबसे ज़रूरी, वो क्यों बचा रहा है? सबका जल्द ही पर्दाफाश होगा - देखते जाइए!
जारी किया 10 मिनट का वीडियो
इस वीडियो में राहुल गांधी, पवन खेड़ा के साथ इस पूरे मामले में विस्तार से चर्चा करते नजर आ रहे हैं। साथ ही अलग-अलग रिपोर्ट का भी इस वीडियो में जिक्र किया गया है। 10 मिनट के इस वीडियो में पवन खेड़ा और राहुल गांधी सेबी चीफ पर तीखा हमला करते नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी ने माधबी पुरी बुच के नेतृत्व में सेबी की कम होती स्वतंत्रता और अधिकार पर अपनी असहमति व्यक्त की है, जिसमें बुच और उनके परिवार से जुड़े हितों के टकराव के मामलों को उजागर किया गया है।
11.5 करोड़ के निवेशकों का जिक्र
इन आरोपों ने कथित तौर पर भारत के 11.5 करोड़ पंजीकृत निवेशकों के सेबी की पारदर्शी और न्यायसंगत वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा करने की क्षमता पर विश्वास को कम कर दिया है।
केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता वाली लोक लेखा समिति (पीएसी) ने सेबी के संचालन की जांच के लिए एक बैठक निर्धारित की थी। हालांकि, बुच व्यक्तिगत कारणों से इसमें शामिल नहीं हो सके, जिसके कारण बैठक को बाद की तारीख के लिए स्थगित कर दिया गया।
इस कार्रवाई ने कांग्रेस को और अधिक जांच के लिए प्रेरित किया, जिसने संसदीय जांच से सेबी अध्यक्ष को बचाने में केंद्र सरकार के इरादों पर सवाल उठाया।












Click it and Unblock the Notifications