भूमि पूजन से पहले कांग्रेस का बड़ा बयान, कहा-राजनीति का धर्म होना चाहिए, धर्म की राजनीति नहीं
जयपुर। अयोध्या में कल यानि 5 अगस्त का राम मंदिर का भूमिपूजन होने वाला है। भूमि पूजन से पहले कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, मैं राम मंदिर के आयोजन से 24 घंटे पहले कोई भी राजनीतिक टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि 'राजनीति का धर्म हो गया, धर्म का राजनीति नहीं, यही राम की मर्यादा है। इसके साथ ही रणदीप सुरजेवाला ने प्रियंका गांधी के उस वक्तव्य पढ़ा।
सुरजेवाला ने कहा कि राम का चरित्र सर्वांगीण है। राम सभी हैं। गांधी के रघुपति राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं। राम शक्ति की मौलिक कल्पना हैं। राम संकल्प हैं। सहयोगी हैं। सबके हैं। आगामी 5 अगस्त को रखा गया शिलान्यास सांस्कृतिक समागम का प्रतीक बनेगा। राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व से नाराज होकर बागी हुए सचिन पायलट सहित 19 कांग्रेस विधायकों की वापसी की संभावना के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा, सबसे पहले बागी विधायक वार्तालाप करें और उसको करने के लिए पहली शर्त है कि भाजपा की मेजबानी छोड़ें।
सुरजेवाला ने कहा कि, वे मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई वाली हरियाणा की भाजपा सरकार का सुरक्षा चक्र छोड़ें। सुरजेवाला ने कहा, हरियाणा में आए दिन बच्चों की हत्याएं हो रही है, सामूहिक दुष्कर्म हो रहे हैं, गुड़गांव में लोगों को सरेराह पीटा जा रहा है और इसके लिए पुलिस उपलब्ध नहीं लेकिन इन 19 विधायकों की सुरक्षा के लिए एक हजार के करीब पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। कांग्रेस के नाराज विधायकों को भाजपा जो सुरक्षा दे रही है उसके क्या मायने हैं।
वहीं सुशांत सिंह राजपूत केस में जांच कर रही बिहार पुलिस और मुंबई पुलिस के टकराव पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि, नीतीश कुमार जी को संविधान दुबारा पढ़ना चाहिए, नीतीश कुमार या बिहार की सरकार जबरन पुलिस भेजकर महाराष्ट्र के अधिकार क्षेत्र में दखलअंदाजी नहीं कर सकती। अगर एक प्रांत की पुलिस दूसरे प्रांत में जाकर जांच करेगी तो अराजकता फैल जाएगी।
कोविड केयर सेंटर में जबरन घुसे भाजपा विधायक, दर्ज हुआ केस