विधानसभा चुनाव 2017: यूपी समेत पांच राज्यों में चुनाव प्रचार से दूर रहेंगी सोनिया गांधी
सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी के चुनाव प्रचार नहीं करने का फैसला कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने किया है। पिछले कुछ समय से सोनिया गांधी की तबीयत ठीक नहीं है।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी अपनी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है। इस बीच खबर आ रही है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रचार नहीं करेंगी। पार्टी से सूत्रों की ओर से ये दावा किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यूपी चुनाव से दूर रहेंगी सोनिया
सूत्र बता रहे हैं कि सोनिया गांधी के चुनाव प्रचार नहीं करने का फैसला कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने किया है। पिछले कुछ समय से सोनिया गांधी की तबीयत ठीक नहीं है और पार्टी से जुड़े अहम फैसले उपाध्यक्ष राहुल गांधी ही कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी से कांग्रेस ने गठबंधन किया है। गठबंधन का ये फैसला भी राहुल गांधी ने ही लिया है। सोनिया गांधी की सेहत ठीक नहीं होने की वजह से कांग्रेस पार्टी के लिए उनके चुनाव प्रचार की संभावना कम ही है। कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद ये पहली बार होगा जब सोनिया गांधी पार्टी के लिए प्रचार नहीं करेंगी। बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था जिसमें गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने लखनऊ की गलियों में रोड शो भी किया था। इसी दौरान अखिलेश यादव से सोनिया गांधी और मुलायम सिंह यादव के गठबंधन को लेकर प्रचार के लिए सवाल किया गया था जिस पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो हमारे लिए अच्छा रहेगा। ये उनका आशीर्वाद होगा। हालांकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के फैसले से मुलायम सिंह यादव नाराज हैं। उन्होंने साफ कहा है कि वो इस गठबंधन के लिए प्रचार नहीं करेंगे। वहीं अखिलेश यादव का कहना है कि मुलायम सिंह यादव यूपी चुनाव में उनके लिए प्रचार जरुर करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications