अगर सरकार बनी तो कौन होगा इंडिया ब्लॉक का PM उम्मीदवार? जानिए क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे
Who Will Be INDIA Bloc's PM Candidate: लोकसभा चुनाव 2024 के तहत शनिवार को छठे चरण की वोटिंग पूरी हुई। अब सातवें और अंतिम चरण का मतदान बाकी है। एक जून को आखिरी चरण की वोटिंग के बाद 4 जून नतीजे सामने आएंगे। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जब एक बार फिर पूछा गया कि इंडिया ब्लॉक की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा? तो जानिए उन्होंने क्या कहा?
इंडिया गठबंधन इस बार लोकसभा चुनाव में जीत के साथ सरकार बनाने का दावा कर रहा है। ऐसे में उनका पीएम चेहरा कौन होगा। इसके बारे में कोई भी नेता कुछ भी नहीं बोल रहा, लेकिन जब यही सवाल कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से किया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया।

कौन होगा INDI bloc का पीएम कैंडिडेट?
दरअसल, शनिवार को शिमला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे यह सवाल पूछा गया, जिस पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह तो 'कौन बनेगा करोड़पति' पूछने जैसा है। उन्होंने आगे कहा कि अगर हम सरकार बनाते हैं तो सभी नेता तय करेंगे कि उनका प्रधानमंत्री कौन होगा।
इसी के साथ खड़गे ने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए ने चुनाव से पहले पीएम उम्मीदवार का प्रस्ताव किए बिना 2004 से 2014 तक 10 वर्षों तक सरकार चलाई है।
उन्होंने कहा कि, "2004 में, कांग्रेस नेता चाहते थे कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनें लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। हमारे पास बहुमत नहीं था, हमारे पास 140 सीटें थीं। हम 2009 में 209 सीटों के साथ सत्ता में लौटे। हमने यूपीए गठबंधन बनाया और 10 साल के लिए सरकार चलाई।"
महंगाई-बेरोजगारी पर बीजेपी पर साधा निशाना
इसी के साथ भाजपा पर निशाना साधते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीजेपी ने देश से झूठ बोला, जब उसने 2014 में 2 करोड़ नौकरियों की बात की, जब उन्होंने महंगाई कम करने की बात की। लेकिन कुछ नहीं हुआ। खड़गे ने आगे कहा कि, "प्रधानमंत्री ने 2014 और 2019 में बड़े वादे किए, लेकिन उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। भाजपा देश में सरकारों को गिराने का काम कर रही है और अस्थिर करने की कोशिश की है।"












Click it and Unblock the Notifications