'तो गिनती से क्यों डरते हैं?', PM मोदी को 'सबसे बड़ा OBC' वाले बयान पर राहुल गांधी ने घेरा
Rahul Gandhi Tweet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर 'धन्यवाद प्रस्ताव' का जवाब दिया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने जमकर विपक्षी दल कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। इसी के साथ कांग्रेस के ओबीसी वाले स्टैंड पर बयान देते हुए खुद को सबसे बड़ा ओबीसी बताया।
अब पीएम मोदी के ओबीसी वाले बयान पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए निशाना साधा। पीएम मोदी को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी इधर उधर की इतनी बातें करते हैं, तो गिनती से क्यों डरते हैं?

राहुल गांधी ने ट्वीट कर साधा निशाना
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट पर लिखा-"प्रधानमंत्री इस बीच अक्सर कह रहे थे देश में सिर्फ दो जातियां हैं - अमीर और गरीब, मगर आज संसद में उन्होंने खुद को 'सबसे बड़ा OBC' बताया। किसी को छोटा और किसी को बड़ा समझने की इस मानसिकता को बदलना जरूरी है।"
राहुल गांधी ने आगे कहा कि OBC हों, दलित हों या आदिवासी, बिना गिनती के उन्हें आर्थिक और सामाजिक न्याय नहीं दिलाया जा सकता। मोदी जी इधर उधर की इतनी बातें करते हैं, तो गिनती से क्यों डरते हैं?
जानिए पीएम मोदी ने क्या कहा था?
लोकसभा के अंदर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि, "कांग्रेस पार्टी और यूपीए सरकार ने OBC के साथ न्याय नहीं किया। कुछ दिन पहले ही कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 1970 में जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। कांग्रेस OBC को बर्दाश्त नहीं कर सकती। वे गिनती करते रहते हैं कि सरकार में कितने OBC हैं। क्या आप (कांग्रेस) यहां सबसे बड़ा OBC नहीं देख सकते?"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि यूपीए सरकार के दौरान, एक अतिरिक्त-संवैधानिक निकाय का गठन किया गया था। सरकार उस निकाय के सामने अपनी बात नहीं रख सकती थी। राष्ट्रीय सलाहकार परिषद - क्या इसमें कोई ओबीसी सदस्य था? पता करें।












Click it and Unblock the Notifications