'पार्किंग स्थल बन गई है राज्यसभा', कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने क्यों कही ये बात?
जून में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में 10 नामों की घोषणा हुई है।
नई दिल्ली, 30 मई: जून में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में 10 नामों की घोषणा हुई है। जिसमें कांग्रेस के कई सीनियर नेताओं के नाम शामिल हैं।

इस बीच पंजाब के आनंदपुर साहिब से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सोमवार को कहा कि राज्यसभा ने उन कार्यों को करना बंद कर दिया है, जिनके लिए इसका गठन किया गया था। राज्यसभा अब पार्किंग स्थल बन गई है। देश को अब राज्यसभा की जरूरत है या नहीं इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत राय है।
भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान उन्होंने पंजाब में बढ़ते अपराध को लेकर मान सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जब से नई सरकार बनी है, तब से दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे पहले कुछ कबड्डी खिलाड़ियों की हत्या, मोहाली में पंजाब इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हमला, जालंधर में एक पुलिस कर्मियों पर हमला और अब सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई है।
लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने की अपील
कांग्रेस सांसद ने सीएम भगवंत मान से पुलिस को विश्वास में लेने और राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सीमावर्ती राज्य की शांति भंग होती है तो इसके विभिन्न निहितार्थ हो सकते हैं।
लोगों की रक्षा करना केंद्र और राज्य की जिम्मेदारी
मनीष तिवारी ने कहा कि जहां तक व्यक्तिगत सुरक्षा का सवाल है, उन लोगों के लिए एक ऑब्जेक्टिव ऑडिट की जानी चाहिए, जिन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो पंजाब में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की अग्रिम पंक्ति में हैं। उनकी रक्षा करना राज्य और केंद्र की जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications