दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और कांग्रेस विधायक ने कहा- माफी मांगे राहुल गांधी, नहीं पूरा किया वादा
भोपालः कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और वर्तमान विधायक लक्ष्मण सिंह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उन्हें आड़े हाथों ले लिया। बुधवार को लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव से पहले वादा किया था कि सरकार बनने के दस दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ होगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं, जिसके लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। इसके अलावा लक्ष्मण सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेताओं तक पहुंचना बेहद मुश्किल है। बता दें कि लक्ष्मण सिंह पांच बार सांसद रह चुके हैं, जिसमें दो बार भारतीय जनता पार्टी से ही सांसद रहे। लक्ष्मण सिंह हमेशा से पार्टी पर हमला बोलते आए हैं।
पिछले साल अप्रैल में जब कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कमलनाथ का नाम तय कर रही थी तब सिंह ने ट्वीट कर कहा था कि ब्लूटूथ के जमाने में कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव में जाना एचएमवी रिकॉर्ड चलाने की तरह है। साल 2003 में मध्यप्रदेश से कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने पर लक्ष्मण सिंह भाजपा में शामिल हो गए और दो बार पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़कर सांसद बने। हालांकि साल 2010 में जब लक्ष्मण सिंह ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकरी की आलोचना की तो उन्हें बीजेपी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इसके बाद वह साल 2013 में फिर से कांग्रेस में वापस आ गए।
हाल ही में लक्ष्मण सिंह ने पार्टी के बड़े नेताओं, जो देश के नामी वकील भी हैं का नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कहा कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम की जमानत भी नहीं करा पाए। विधायक लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ' चिदंबरम जी निर्दोष सिद्ध हों, पार्टी की स्वच्छ छवि बने, यही कामना करते हैं, परंतु दुख इस बात का है हमारे सभी मठाधीश अधिवक्ता जिन्हें बार-बार राज्य सभा का सदस्य बनाया, उनकी जमानत नहीं करा पाये।
यह भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में पीएम मोदी बोले- कश्मीर हमारा है, अब हर हिंदुस्तानी कहेगा