कांग्रेस विधायक केआर रमेश ने रेप को लेकर दिये गए बयान पर मांगी माफी
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक केआर रमेश ने बीते गुरुवार को विधानसभा में चर्चा के दौरान रेप को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसका चौतरफा विरोध होना शुरू हो गया। वहीं मामले को बढ़ता देख कांग्रेस विधायक केआर रमेश कुमार ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि अगर उनके बयान से महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा है तो वह दिल से माफी मांग रहे हैं, उन्हें माफी मांगने में कोई परेशानी नहीं है। दरअसल, कांग्रेस विधायक ने कहा था कि उन्होंने विधानसभा में कहा है कि जब बलात्कार को रोका नहीं जा सकता तो लेटिए और मजे लीजिए।

हैरानी तब हुई जब कांग्रेस विधायक की इस टिप्पणी पर विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी आपत्ति जताने के बजाय ठहाके लगाकर हंसने लगे। बीते गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में बाढ़ और उससे फसलों को हुए नुकसान को लेकर विधायक चर्चा और बहस की मांग कर रहे थे। विधानसभा में इसे लेकर जोरदार हंगामा शुरू हो गया था। स्पीकर ने विधायकों को समझाने की कोशिश की लेकिन हंगामा शांत नहीं हुआ।
Recommended Video
इसके बाद स्पीकर हेगड़े ने कहा कि रमेश कुमार आप जानते हैं, अब मुझे लग रहा है कि मुझे इस स्थिति को एन्जॉय करना चाहिए। मैंने तय किया है कि अब किसी को भी रोकने और स्थिति को संभालने की कोशिश नहीं करूंगा। आप लोग चर्चा करिये। इस पर कांग्रेस विधायक रमेश कुमार ने कहा, 'एक पुरानी कहावत है कि जब बलात्कार को रोका नहीं जा सके तो लेटिए और मजे लीजिए। अभी आपकी स्थिति बिल्कुल ऐसी ही हो गई है।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब रमेश कुमार ने इस तरह की अभद्र टिप्पणी की हो। जब वह कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष थे उस दौरान उन्होंने अपनी तुलना रेप पीड़िता से की थी। उन्होंने कहा था कि मेरी हालत रेप पीड़िता जैसी है। बलात्कार सिर्फ एक बार होता है यदि आप उस बात को वहीं छोड़े देते हैं, लेकिन जब आप शिकायत करते हैं कि बलात्कार हुआ है, तो आरोपी को जेल में डाल दिया जाता है। लेकिन उनके वकील पूछते हैं कि यह कैसे हुआ? यह कब हुआ और कितनी बार हुआ? रेप एक बार होता है लेकिन कोर्ट में 100 बार रेप होता है। यह मेरी हालत है।












Click it and Unblock the Notifications