अगर सरकार गिरी तो कांग्रेस करेगी अखिलेश यादव का समर्थन !
अगर समाजवादी पार्टी में मचे घमासान के चलते उत्तर प्रदेश में सरकार गिरती है, तो कांग्रेस अखिलेश यादव का समर्थन कर सकती है।
नई दिल्ली। जहां एक ओर समाजवादी पार्टी के बीच घमासान के बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी टूट सकती है और अखिलेश यादव अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं, वहीं इसी बीच कांग्रेस द्वारा अखिलेश यादव को समर्थन करने की खबरें भी आ रही हैं।

खबरों के अनुसार कांग्रेस ने कहा है कि अगर सरकार गिरी तो अखिलेश यादव को कांग्रेस पार्टी का समर्थन होगा। आपको बता दें के रविवार को शिवपाल को मंत्री पद से बर्खास्त किए जाने के बाद से ही समाजवादी पार्टी में घमासान मचा हुआ है।
आज यानी सोमवार को पार्टी के भविष्य का फैसला करने के लिए पार्टी कार्यालय में समाजवादी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच मुलाकात हुई। पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में शिवपाल यादव और अखिलेश यादव ने एक दूसरे पर जमकर निशाना साधा।
इसके बाद मुलायम सिंह यादव ने दोनों को मिलाने का जिम्मा उठाया। उन्होंने अखिलेश यादव और शिवपाल यादव को गले भी मिलने के लिए कहा। इसके बाद अखिलेश ने शिवपाल यादव के पैर छुए और उनके गले लगे।
लेकिन इसी बीच अखिलेश और शिवपाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी भी हो गई। मंच पर भी दोनों में झड़प होने लगी। स्थिति को बेकाबू होते देख सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करने के लिए आना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications