पांच राज्यों में संगठनात्मक बदलाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने बनाई एक समिति, इन नेताओं को किया उसमें शामिल
नई दिल्ली, मार्च 16। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हुई हार के बाद से कांग्रेस में मंथन का दौर चल रहा है। कांग्रेस नेतृत्व को बदले जाने की लगातार मांग की जा रही है। ऐसे में हाईकमान की ओर से एक समिति का गठन किया गया है, जो उन राज्यों में संगठनात्मक बदलाव के लिए सुझाव देगी, जहां पार्टी की हार हुई है। इस समिति में हाईकमान ने रजनी पाटिल, जयराम रमेश, अजय माकन, जितेंद्र सिंह और अविनाश पांडे को रखा है।

आपको बता दें कि कांग्रेस हाईकमान ने रजनी पाटिल को गोवा का, जयराम रमेश को मणिपुर का, अजय माकन को पंजाब का, जितेंद्र सिंह को यूपी का और अविनाश पांडे को उत्तराखंड के लिए नियुक्त किया है। आपको बता दें कि पार्टी के अंदर असंतुष्ट खेमा लगातार बैठक के जरिए पार्टी हाई कमान के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहा है। बुधवार को एक बार फिर जी-23 सदस्यों ने गुलाम नबी आजाद के घर बैठक की। इस बैठक में शशि थरूर भी शामिल हुए हैं। थरूर के जी-23 ग्रुप में शामिल होने से हाई कमान की मुश्किल बढ़ सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले इस मीटिंग का आयोजन कपिल सिब्बल के आवास पर करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन अंतिम समय पर इसे बदल दिया गया। अब इस मीटिंग में शामिल होने वाले नेताओं में आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल, मनीष तिवारी, शशि थरूर और संदीप दीक्षित शामिल थे। जी-23 समूह का दायरा इस बार बढ़ गया क्योंकि कुछ और नेता भी शामिल हो सकते हैं। इसमें पटियाला की सांसद परनीत कौर, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला, पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर और हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा उनके साथ शामिल हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications