'अनिल एंटनी को चुनाव हारना चाहिए...' एके एंटनी ने अपने बेटे को लेकर की भविष्यवाणी, कहा-कांग्रेस मेरा धर्म है
AK Antony News, कांग्रेस नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने अपने बेटे और बीजेपी के उम्मीदवार अनिल एंटनी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि, अनिल एंटनी को केरल की पथानामथिट्टा लोकसभा सीट से "हारना चाहिए"।
एके एंटनी ने कहा है कि वह चाहते हैं कि उनका बेटा अनिल एंटनी चुनाव हार जाए और उसके सामने चुनाव लड़ रहा कांग्रेस उम्मीदवार को इस चुनाव में जीत हासिल हो। बता दें कि एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी पिछले साल बीजेपी में शामिल हो गए थे।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एके एंटनी ने कहा कि मेरे बेटे अनिल एंटनी (बीजेपी उम्मीदवार) को चुनाव हारना चाहिए और कांग्रेस उम्मीदवार एंटो एंटनी को जीत मिलनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बच्चों के बीजेपी में शामिल होने को भी गलत बताया है। जहां तक मेरा सवाल है, मेरे राजनीतिक करियर की शुरुआत से ही राजनीति अलग है और परिवार अलग है। पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि, 'कांग्रेस ही मेरा धर्म है।'
एके एंटनी ने कहा कि हमारी पार्टी (कांग्रेस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा के खिलाफ लगातार लड़ रही है। उन्होंने कहा कि, सभी 20 सीटों पर यूडीएफ (कांग्रेस गठबंधन) के प्रति रुझान देखने को मिल रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में सबरीमलाल मुद्दे के कारण बीजेपी को सबसे ज्यादा वोट मिले थे। इस बार सभी सीटों पर उनका वोट प्रतिशत कम हो जाएगा। वे सभी सीटों पर तीसरे स्थान पर रहेंगे।
कांग्रेस नेता साफतौर पर कहा कि, इंडिया ब्लॉक हर दिन आगे बढ़ रहा है और बीजेपी नीचे जा रही है। मुझे लगता है कि हमारे पास सरकार बनाने का मौका है। वहीं केरल के सीएम विजयन के आरोपों पर एके एंटनी ने कहा, मुझे लगता है कि केरल के सीएम को देश की राजनीति को नहीं समझ रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी, मोदी, संघ और बीजेपी के खिलाफ लड़ रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि केरल के लोग मुख्यमंत्री के आरोपों को गंभीरता से लेंगे।
बता दें कि, केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा और कांग्रेस केरल इंफ्रास्ट्रक्चर फंड बोर्ड को निशाना बना रहे हैं, जबकि बोर्ड ने राजनीतिक विचारों का ध्यान रखे बिना प्रदेश भर के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास किया है।












Click it and Unblock the Notifications