'चुनाव आयोग का जवाब इस संस्था पर हमेशा के लिए धब्बा', कांग्रेस का EC पर तीखा हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस तरह से चुनाव आयोग को पत्र लिखकर चुनावी प्रक्रिया की अखंडता पर सवाल खड़े किए उसके बाद चुनाव आयोग ने खड़गे को फटकार लगाई। चुनाव आयोग ने खड़गे के आरोपों को खारिज करते हुए इसे निराधार और तथ्यहीन बताया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने पांच पन्नों का एक पत्र चुनाव आयोग को लिखा था। जिसमे मतदान आंकड़ों को जारी करने में कुप्रबंधन का आरोप लगाया। जिसपर आयोग ने कहा कि यह अनुचित और तथ्यहीन आरोप है। लेकिन चुनाव आयोग के जवाब पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।

कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव आयोग के सामने जो मुद्दा उठाया था वह बिल्कुल वाजिब है। चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है, जिसकी जिम्मेदारी है कि वह पारदर्शी और निष्पक्ष मतदान कराए। हर किसी को चुनाव लड़ने का समान अवसर प्रदान कराए।
लेकिन जिस तरह से चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष के पत्र का जवाब दिया है वह आयोग की प्रतिष्ठा पर हमेशा के लिए धब्बा है। यह वो संस्था है जिसमे सुकुमार सेन, टीएन सेशन, जेएम लिंगदोह जैसे लोगों ने अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसी संस्था की ओर से जिस तरह का जवाब दिया गया है वह इसकी प्रतिष्ठा पर हमेशा के लिए एक धब्बा बना रहेगा।
खड़गे ने खड़ा किया था सवाल
गौर करने वाली बात है कि माकपा, टीएमसी,कांग्रेस और कई इंडिया गठबंधन के दलों ने चुनाव आयोग को अलग-अलग पत्र लिखकर पहले और दूसरे चरण के मतदान फीसदी के आंकड़ों को जारी करने में देरी को लेकर सवाल खड़ा किया था।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों पर सवाल खड़ा किया था। उन्होंने बाकी दलों से एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठाने की बात कही थी।
खड़गे के पत्र पर चुनाव आयोग का जवाब
खड़गे के पत्र का जवाब देते हुए चुनाव आयोग ने कहा था कि यह पत्र बेहद अवांछनीय है, यह सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के संचालन के दौरान लोगों के भीतर भ्रम की स्थिति पैदा करता है, साथ ही चुनावी प्रक्रिया में बाधा करने का प्रयास है।
आप जब यह कहते हैं कि अंतिम समय में छेड़छाड़ का प्रयास हो सकता है, यह चुनाव प्रबंधन की संवेदनशीलता को लेकर लोगों में असामंजस्य पैदा करती है। मतदाताओं और राजनीतिक दलों के मन में संदेह और अराजकता पैदा कर सकता है। हमें आशा है कि आपका ऐसा कोई ईरादा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications