Lok Sabha Election: कांग्रेस आज जारी कर सकती है अपनी पहली कैंडिडेट लिस्ट, इन दिग्गज नेताओं का कट सकता है टिकट!
Congress Lok Sabha Election Candidate List: लोकसभा चुनाव होने में कुछ महीनों का ही समय बाकी है। ऐसे में पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर रही हैं। आज कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है।
कांग्रेस गुरुवार, 7 मार्च को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक करने वाली है। इस बैठक में लोकसभा चुनाव में किन उम्मीदवारों को टिकट दिया जाए, इस बारे में चर्चा की जाएगी।

मौजूदा सांसदों को दोबारा मौका दे सकती है कांग्रेस
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ज्यादातर मौजूदा सांसदों को दोबारा मौका दे सकती है। इसके अलावा पार्टी बड़े चेहरों को मैदान में उतारने की रणनीति भी अपना सकती है।
100 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं आज तय
उम्मीदवारों का नाम तय करने के लिए आज पार्टी की पहली बैठक पार्टी मुख्यालय में होगी। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति 100 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों का नाम तय करेगी।
जानकारी के अनुसार बैठक में केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, दिल्ली, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और पूर्वोत्तर के राज्यों की सीटों को लेकर चर्चा होगी। साथ ही साथ पार्टी उत्तर प्रदेश की कुछ सीटों पर भी चर्चा कर सकती है।
पार्टी इन दिग्गजों को दे सकती है टिकट
उम्मीद है की कैंडिडेट्स के नाम पर मुहर लगने के बाद कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जल्द ही जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व वरिष्ठ नेताओं को चुनाव में उतारना चाह रहा है।
जहां छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल राजनंदगांव से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। वहीं, यूपी में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को वाराणसी से और दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली को उत्तर पूर्वी दिल्ली से टिकट मिलने की उम्मीद है। दीपेंद्र हुड्डा रोहतक से चुनाव लड़ सकते हैं।
इन नेताओं के नाम पर अभी भी है सस्पेंस
अशोक गहलोत और सचिन पायलट जैसे बड़े नामों को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। सबसे बड़ा सस्पेंस राहुल गांधी की सीट और प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने को लेकर है।
अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि अमेठी और रायबरेली से गांधी परिवार का कोई शख्स चुनाव लड़ेगा या नहीं। रायबरेली सीट से सोनिया गांधी चुनाव लड़ती आईं हैं, लेकिन उनके राज्यसभा जाने से इस सीट पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिस्ट को दिया जाएगा अंतिम रूप
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बताया कि कर्नाटक में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची को 7 मार्च को नई दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, "7 मार्च को हमारी केंद्रीय चुनाव समिति की अंतिम बैठक होगी। मैं और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 7 मार्च को दिल्ली जा रहे हैं, जहां हम उम्मीदवारों की (पहली) सूची को अंतिम रूप देंगे।"
भाजपा भी आज ले सकती है कर्नाटक की लोकसभा सीटों पर फैसला
वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के अनुसार, कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों पर फैसला करने के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की भी आज बैठक होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications