चुनाव आयोग से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, हरियाणा चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल
हरियाणा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके है और बीजेपी 48 सीटों के साथ बाजी मार ली। वहीं, जीत की आस लगाए बैठी कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा और पार्टी के खाते सिर्फ 37 सीटें आई है। सामने आए इन नतीजों के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नतीजों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। साथ ही, इस बात की शिकायत चुनाव आयोग से भी की।
केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, पवन खेड़ा और अजय माकन सहित कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल बुधवार 09 अक्टूबर को दिल्ली स्थिति चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचे। यहां चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और करीब 20 शिकायतों के बारे में चुनाव आयोग को बताया।

चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने आज चुनाव आयोग को अवगत कराया। करीब 20 शिकायते जो हमारे पास आई थी उसमें से 7 लिखित शिकायतों में ऐसी मशीनें थीं जो वोटिंग के दिन 99% दिखा रही थी और अन्य सामान्य मशीनें 60-70% दिखा रही थी।
इससे हमने चुनाव आयोग को अवगत कराया। हमने मांग की कि जांच पूरी होने तक उन मशीनों को सील कर सुरक्षित रखा जाए। हमने चुनाव आयोग को यह भी कहा कि अगले 48 घंटों में हम बाकी शिकायतें भी उनके सामने रखेंगे। चुनाव आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि वह जवाब देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि वे इस मामले को देखेंगे और प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों से परामर्श करने के बाद हमें जवाब देंगे। शिकायतें 20 विधानसभा क्षेत्रों से थीं। हमने शिकायतों के दस्तावेज चुनाव आयोग को सौंप दिए हैं। अगले 48 घंटों में 13 और विधानसभा क्षेत्रों से शिकायतें चुनाव आयोग को सौंपी जाएंगी।
वहीं, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान कहते हैं कि हमने सारी बातें सामने रखी हैं कि किस तरह से ईवीएम हैक की गई हैं। मुख्यमंत्री (नायब सैनी) ने खुद कहा है कि सारी व्यवस्था हो गई है और हम सरकार बनाएंगे, तो ये सब शक की बात है। जब बैटरी पूरे दिन इस्तेमाल होगी तो डाउन तो होगी ही, 99% तो नहीं हो सकती।
हमने चुनाव आयोग को इस बारे में बताया है...हम चाहते हैं कि ईवीएम से वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। इतना ही नहीं, हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपिंदर हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के नतीजे चौंकाने वाले हैं क्योंकि सभी को लग रहा था कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है।
सभी सर्वे रिपोर्ट में यही था लेकिन हुआ ये कि जब पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई तो कांग्रेस हर जगह आगे चल रही थी, लेकिन जब ईवीएम की गिनती शुरू हुई तो कांग्रेस पिछड़ रही थी। हमें कई शिकायतें मिली हैं। कई जगहों पर वोटों की गिनती में देरी हुई। चुनाव आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि वे सभी शिकायतों पर गौर करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications