नेहरू की तस्वीर पोस्ट कर बोली कांग्रेस: योग को लोकप्रिय बनाया, वैश्विक बनाने में पीएम मोदी का भी योगदान-थरूर
International Yoga Day 2023: अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर कांग्रेस ने आज पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की एक शीर्षासन वाली तस्वीर पोस्ट की है। इस पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा है कि नेहरू ने योग को लोकप्रिय बनाने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कांग्रेस ने अपने ट्वीट में कहा है कि हमें प्राचीन कला और दर्शन के महत्त्व की सराहना करनी चाहिए। इसे अपने जीवन में उतारना चाहिए। कांग्रेस के इस ट्वीट पर पार्टी सांसद शशि थरूर ने भी जवाब दिया है।

कांग्रेस की तस्वीर पर थरूर का जवाब
थरूर ने कांग्रेस के ट्वीट को रीट्वीट कर कहा है कि हमें उन सबके काम को स्वीकार करना चाहिए, जिन्होंने योग को फिर से जिंदा किया और वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाया है। उन्होंने कहा है योग को अंतरराष्ट्रीय बनाने के लिए भारत सरकार, प्रधानमंत्री और विदेश मामलों के मंत्रालय के भी कार्यों को स्वीकार किया जाना चाहिए।
पंडित नेहरू ने योग को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई- कांग्रेस
पहले कांग्रेस की ओर से किए गए ट्वीट में लिखा गया है, 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हम पंडित नेहरू को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने योग को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यहां तक कि इसे राष्ट्रीय नीति का भी हिस्सा बनाया।'
कांग्रेस के ट्वीट की अगली लाइन है, 'आइए हम अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्राचीन कला और दर्शन के महत्त्व की सराहना करें और इसे अपने जीवन में शामिल करने के लिए कार्य करें।'
'योग को वैश्विक बनाने के लिए हमें सरकार, प्रधानमंत्री के योगदान को भी स्वीकारना चाहिए'
कांग्रेस के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए पार्टी सांसद शशि थरूर ने लिखा है, 'निश्चित ही! हमें हमारी सरकार, प्रधानमंत्री और विदेश मामलों के मंत्रालय, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का अंतरराष्ट्रीयकरण किया,( इनके) समेत उन सभी को स्वीकार करना चाहिए, जिन्होंने योग को पुनर्जीवित और लोकप्रिय बनाया। '
थरूर ने आगे लिखा है, 'जैसा कि मैंने दशकों से दलील रखी है कि योग दुनिया भर में हमारी सॉफ्ट पावर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे मान्यता मिलते देखना बहुत ही अच्छा है।'
जयराम रमेश ने शेयर की नेहरू की तस्वीर
उधर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी नेहरू की शीर्षासन वाली तस्वीर शेयर करते हुए लिखा 'यह योग करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की तस्वीर है।' उन्होंने आगे लिखा है कि नेहरू ने डिस्कवरी ऑफ इंडिया में बताया है, ' पतंजलि की योग पद्धति शरीर के अनुशासन, मस्तिष्क के विकास के लिए मानसिक और आध्यात्मिक प्रशिक्षण के लिए आवश्यक है।'
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी का संदेश
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अपने संदेश में पीएम मोदी ने अमेरिका के न्यूयॉर्क से कहा है, 'भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना, ऐतिहासिक है...... 2014 में जब संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव आया तब रिकॉर्ड देशों ने इसका समर्थन किया...... तभी से लेकर आज तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जरिए योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है......'












Click it and Unblock the Notifications