Bihar News: सहयोग शिविरों में 5.33 लाख से अधिक मामलों का हुआ निपटारा, सामान्य प्रशासन विभाग ने गिनाईं उपलब्धियां
बिहार सामान्य प्रशासन विभाग मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सहयोग शिविरों की सफलता को उजागर करता है, जो स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान करते हैं। 583,866 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं और 533,904 से अधिक का समय पर समाधान हुआ है, यह कार्यक्रम सार्वजनिक सेवाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए सहयोग पोर्टल और एक मुफ्त हेल्पलाइन का लाभ उठाता है।
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य में सुशासन और जनसेवा को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित 'सहयोग शिविर' प्रभावी साबित हो रहे हैं। विभाग के अनुसार, 19 मई 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक 5.83 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.33 लाख से अधिक मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा किया जा चुका है।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने बताया कि राज्य के सभी पंचायतों, प्रखंडों और नगर निकायों में प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक कुल 5,83,866 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5,33,904 मामलों का समय पर निपटारा किया जा चुका है। शेष मामलों के समाधान की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। विभाग के अनुसार, सहयोग शिविरों में सबसे अधिक आवेदन भोजपुर, पश्चिम चंपारण, पटना, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जिलों से प्राप्त हुए हैं।
सचिव ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए 'सहयोग पोर्टल' विकसित किया गया है, जहां लोग किसी भी समय अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी सहयोग शिविरों और शिकायतों से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
लोक सेवा अधिकार अधिनियम के तहत 53.80 करोड़ से अधिक आवेदनों का निष्पादन
मो. सोहैल ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग ने बीते समय में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि बिपार्ड, पटना और बिपार्ड, गयाजी को वर्ष 2026 में आईएसओ 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, 2011 के तहत अब तक करीब 53.80 करोड़ आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। वहीं पंचायत सरकार भवनों में संचालित लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से 64 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को प्रखंड, अनुमंडल या जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। पंचायत स्तर पर अब तक 33,77,620 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 33,48,776 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।
स्वतः अपील प्रणाली से बढ़ी पारदर्शिता
सचिव ने बताया कि सेवा वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 23 जून 2026 से स्वतः अपील प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत अब तक 6,934 अपीलें दर्ज हुईं, जिनमें से 5,503 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
19.38 लाख से अधिक लोक शिकायतों का समाधान
प्रेस वार्ता में बताया गया कि बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम, 2015 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक प्रमंडल और जिले में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके तहत अब तक 19.38 लाख से अधिक शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है।
अन्य योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों की भी दी जानकारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सचिव ने सरकारी सेवक शिकायत निवारण प्रणाली, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के क्षमता विकास, मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना, युवाओं को उपलब्ध कराए गए रोजगार, मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली, चल एवं अचल संपत्ति विवरण, हेल्पलाइन एवं कॉल सेंटर सेवाओं सहित विभाग द्वारा लागू किए जा रहे विभिन्न प्रशासनिक सुधारों और योजनाओं की भी जानकारी दी। इस अवसर पर विशेष सचिव संजय कुमार, बीपीएसएम के अपर मिशन निदेशक मो. राशिद कलीम अंसारी, संयुक्त सचिव मो. आफाक अहमद सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Click it and Unblock the Notifications
