मप्र: बुधवार को सूरज तो निकला लेकिन गलन कम नहीं
भोपाल| मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है लेकिन इसके बावजूद मौसम में गलन कम नहीं हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में कोहरे और शीतलहर में वृद्धि होने की संभावना जताई है।
राज्य में बुधवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन सर्द हवाओं के कारण मौसम सर्द रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर का जोर बढ़ने के साथ घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।
Pics: यूपी, एमपी, बिहार, राजस्थान और कश्मीर सभी ठंड से त्रस्त
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 10. 6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 10 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 5. 9 डिग्री और जबलपुर का 9. 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शीतलहर और कोहरे का असर देखा जा रहा है, जिससे ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें पांच घंटे से ज्यादा की देरी से चल रही हैं। यही हाल फ्लाइट्स का भी है, जो घने कोहरे के कारण अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं।