सीएम सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती ने सरेंडर किए 14 प्लॉट, MUDA को लिखा पत्र, जानिए क्या कहा?
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती ने MUDA को पत्र लिखकर उन्हें आवंटित 14 प्लॉट सरेंडर कर दिए हैं। उन्होंने पत्र में कहा कि मैसूर शहरी विकास की ओर ओर मेरे नाम पर एलॉट किए गए सभी 14 भूखंडों के आवंटन को रद्द कर मुआवजे वाले भूखंडों का आत्मसमर्पण और वापस करना चाहती हूं।
कर्नाटक हाईकोर्ट ने MUDA द्वारा पार्वती को 14 प्लॉट आवंटित करने में कथित अनियमितताओं के संबंध में राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा दी गई मंजूरी को बरकरार रखा था। इसके बाद बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने लोकायुक्त जांच का आदेश दिया था।

सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती ने MUDA कमिश्नर को लिखे पत्र में कहा है कि वह अपनी 3 एकड़ 16 गुंटा जमीन के बदले में उन्हें दूसरी जगह दिए गए 14 प्लॉट को सरेंडर करने की बात कही है। सीएम की पत्नी ने अपने पत्र में लिखा, "मैं मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा मेरे पक्ष में निष्पादित 14 भूखंडों के कार्यों को रद्द करके मुआवजे वाले भूखंडों को आत्मसमर्पण और वापस करना चाहती हूं। मैं भूखंडों का कब्जा भी मैसूर शहरी विकास को वापस सौंप रही हूं। प्राधिकारी कृपया इस संबंध में यथाशीघ्र आवश्यक कदम उठाएं।"
क्या है कर्नाटक की 50:50 स्कीम
दरअसल, कर्नाटक के मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (MUDA) में विकास योजनाओं के दौरान अपनी जमीन गंवाने वाले लोगों के लिए 2009 में एक योजना लागू की गई थी। स्कीम के तहत जिन लोगों की जमीन गई थी, उन्हें विकसित जमीन का 50 फीसदी हिस्सा देने की बात कही गई थी। बाद में ये स्कीम 50:50 के नाम से जानी गई।
बता दें कि लोकायुक्त ने एफआईआर में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उनकी पत्नी बी एम पार्वती, उनके साले मल्लिकार्जुन स्वामी और देवराजू के नाम दर्ज किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications