I.N.D.I.A की बैठक से पहले अमिताभ के घर जाएंगी CM ममता बनर्जी!
CM Mamata Banerjee to meet Amitabh Bachchan: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी 31 अगस्त और 1 सितंबर को इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस यानी कि I.N.D.I.A. की बैठक में शामिल होंगी और इसके लिए वो एक दिन पहले ही मुंबई पहुंचेंगी यानी कि 30 अगस्त को।

लेकिन इसी बीच बड़ी खबर ये है कि सीएम ममता एयरपोर्ट से सीधे गेस्ट हाउस ना जाकर बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के घर जलसा पहुंचेंगी, इसी दिन रक्षा बंधन का त्योहार है, कहा जा रहा है कि ममता सिनेस्टार को राखी बांध सकती हैं, हालांकि ममता को अपने घर आने का आमंत्रण अमिताभ की पत्नी जया बच्चन ने दिया है।
अमिताभ बच्चन बंगाल के जमाई बाबू
इस बार में राज्य मंत्रिमंडल के मेंबर ने मीडिया को बताया कि पिछली बार जब अमिताभ और जया बच्चन दोनों कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सीएम ममता से मिले थे, तभी जया ने सीएम को अपने घर आने के लिए इनवाइट किया था, जिस पर ममता बनर्जी ने कहा था 'वो मुंबई आईं तो जरूर मिलने उनके घर आएंगी।' आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन बंगाल के जमाई बाबू हैं।
बंगाल को फेमस करने में एक्टर का योगदान अमूल्य
पिछले साल दिसंबर के महीने में कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अमिताभ बच्चन को सीएम ममता बनर्जी ने सम्मानित किया था और कहा था कि 'बंगाल को लोकप्रिय करने में एक्टर का योगदान अमूल्य है।'
'अभिव्यक्ति की आजादी पर सवाल उठे'
जिसके बाद अमिताभ ने एक लंबी स्पीच दी थी लेकिन वो कुछ लोगों के निशाने पर आ गए थे। उन्होंने कहा था कि 'अब भी देश में अभिव्यक्ति की आजादी पर सवाल उठाए जाते हैं।' जिसके बाद वो सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए थे। फिलहाल मीडिया से लेकर राजनीति जगत की नजरें अमिताभ और ममता बनर्जी की मुलाकात पर है, वैसे इस बारे में सीएम ममता या बच्चन परिवार की ओर से अधिकारिक तौर पर कुछ कहा नहीं गया है।
रात्रिभोज का इंतजाम
आपको बता दें कि 31 अगस्त और 1 सितंबर को NCP प्रमुख शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने संयुक्त रूप से रात्रिभोज का इंतजाम किया है, जिसमें इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस के नेता शामिल होने वाले हैं। विपक्ष दलों की ये तीसरी बैठक है, इससे पहले पटना और बेंगलुरु में इनकी मीटिंग हो चुकी है।
'मुझे व्यक्तिगत कुछ नहीं चाहिए'
इस बारे में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बयान दिया है कि मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं, मैं जा रहा हूं, कुछ और पार्टियां भी शामिल होंगी। तो सब मिलकर कौन-कौन कहां-कहां लड़ेगा, इन्हीं सब बातों पर चर्चा करेंगे। देश को गलत हाथों से बचाने के लिए हम एकजुट होकर काम करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications