अब क्रिसमस की छुट्टी पर राजनीति, CM ममता ने मोदी सरकार से पूछा- आखिर ईसाई समुदाय ने किया कौन सा गुनाह?
Mamata Banerjee On Christmas Holiday: पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। जिस वजह से वहां पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बिहार की जीत से उत्साहित बीजेपी के बड़े नेताओं ने भी राज्य में मोर्चा संभाल लिया है। दो दिन पहले गृहमंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर गए थे। उस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था और परिवारवाद को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा। वहीं अब सेक्युलरिज्म के मुद्दे पर सीएम ममता बनर्जी बीजेपी को घेरने की कोशिश कर रही हैं। इसके लिए अब उन्होंने 'क्रिसमस की छुट्टी' का मुद्दा चुना है।

दरअसल सोमवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के एलन पार्क में क्रिसमस कार्निवल का उद्घाटन किया। साथ ही ईसाई समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने क्रिसमस की छुट्टी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। सीएम ममता ने कहा कि आखिर क्यों जिसस क्राइस्ट (Jesus Christ) के बर्ड डे पर राष्ट्रीय अवकाश नहीं होता है? ईसाई समुदाय ने आखिर ऐसा क्या किया है? क्या भारत में सेक्युलरिज्म है? उन्होंने कहा कि मुझे ये कहते हुए दुख हो रहा है कि भारत में ठेठ धार्मिक नफरत की राजनीति चल रही है।
ममता बनर्जी ने मोदी सरकार के 2014 के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि सत्ता में आते ही बीजेपी ने 25 दिसंबर को गुड गवर्नेंस डे मनाने की बात कही और इसी की आड़ में छुट्टी खत्म कर दी, जबकि क्रिसमस पर सार्वजनिक अवकाश रहना चाहिए। उनके मुताबिक हम सभी संविधान का सम्मान करते हैं लेकिन उनके मूल्यों के लिए कोई सम्मान नहीं है। वहीं ममता के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी नेता सायंतन बासु के मुताबिक जो सरकार मस्जिदों के इमामों को मासिक वजीफा दे रही है, उसे सेक्युलरिज्म पर बोलने का अधिकार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications