पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे तेलंगाना के सीएम केसीआर, अगवानी करने मंत्री को भेजा एयरपोर्ट
Pm Modi Telangana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तेलंगाना में सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। साथ ही वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

Pm Modi In Telangana: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव(केसीआर) आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। केसीआर ने अपनी अनुपस्थिति में पशुपालन मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव को बेगमपेट हवाई अड्डे पर पीएम मोदी की अगवानी करने का निर्देश दिया है।
पीएम मोदी आज तेलंगाना को 11,360 करोड़ रुपये की परियोजना की देंगे सौगात
बता दें कि पीएम मोदी आज तेलंगाना (Telangana) में 11,360 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी आज तेलंगाना के सिकंदराबाद में रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे और राज्य को सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत ट्रेन का तोहफा भी देंगे। इस मौके पर भी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) खुद पीएम के साथ मौजूद नहीं रहेंगे। बताया गया है कि केसीआर को प्रोटोकॉल के तहत न्योता भेजा गया था। लेकिन उन्होंने आने से इनकार कर दिया।
तेलंगाना को दूसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात (Vande Bharat Express)
प्रधान मंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस, जो आईटी सिटी, हैदराबाद को भगवान वेंकटेश्वर, तिरुपति के निवास स्थान से जोड़ती है, तीन महीने की छोटी अवधि के भीतर तेलंगाना से शुरू की जाने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को लगभग साढ़े तीन घंटे कम कर देगी और तीर्थयात्रियों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगी।
13 नई मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सर्विस को भी दिखाएंगे हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री हैदराबाद-सिकंदराबाद जुड़वां शहर क्षेत्र के उपनगरीय खंड में 13 नई मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एमएमटीएस) सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे, जो यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा विकल्प प्रदान करेगी।
वह सिकंदराबाद-महबूबनगर परियोजना के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का भी उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,410 करोड़ रुपये की लागत से 85 किमी से अधिक की दूरी तक फैली परियोजना को पूरा किया गया है। यह परियोजना निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और ट्रेनों की औसत गति बढ़ाएगी।












Click it and Unblock the Notifications