CJP Protest: अभिजीत दीपके गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी, नेहा बोरा रिहा, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
CJP Protest: दिल्ली में 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव बढ़ता दिख रहा है। CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार, 17 अक्टूबर को उन्हें स्पेशल एग्जिक्युटिव मजिस्ट्रेट (SEM) के सामने पेश किया जाएगा। दूसरी ओर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत से रिहा कर दिया गया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई और हिरासत में रखने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
इस पूरे मामले में तीन बातें चर्चा में हैं। पहली, अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी और पीस बॉन्ड की शर्तें तोड़ने का पुलिस का आरोप। दूसरी, नेहा बोरा की हिरासत को लेकर AISA के दावे। तीसरी तिरंगा मार्च के बाद दिल्ली पुलिस की ओर से राष्ट्रीय ध्वज के इस्तेमाल को लेकर जारी की गई गाइडलाइंस।

अभिजीत दीपके गिरफ्तार, अब कोर्ट में क्या होगा?
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को 16 अक्टूबर को 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले हिरासत में लिया था। अब उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, दीपके को पहले दो नोटिस दिए गए थे। उन्हें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क जाने से मना किया गया था, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और फिर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस शनिवार (16 अक्तूबर) को SEM कोर्ट में यह मुद्दा उठाएगी कि दीपके ने पीस बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया है। अब कोर्ट में यह देखा जाएगा कि पुलिस की ओर से पेश किए गए तथ्यों और कार्रवाई के आधार पर आगे क्या कदम उठाया जाता है। फिलहाल दीपके को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। छह दिनों के भीतर दीपके को दूसरी बार पुलिस ने हिरासत में लिया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्हें हिरासत में लिया गया था। अगले दिन उन्हें छोड़ दिया गया था।
नेहा बोरा को छोड़ा गया, हिरासत पर क्या बोलीं?
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को शनिवार सुबह रिहा कर दिया गया। उन्हें 16 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे मंडी हाउस में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। AISA के मुताबिक, उन्हें आरके पुरम पुलिस स्टेशन में रखा गया और कई घंटों तक दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया।
रिहाई के बाद नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि देश में कानून-व्यवस्था के नियमों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस कानून या आदेश के तहत लोगों को पूरी रात हिरासत में रखा जा सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने काफी देर तक उन्हें वकील से बात नहीं करने दी।
नेहा के मुताबिक, उनके वकील पांच से छह घंटे तक उनसे संपर्क करने की कोशिश करते रहे। बाद में फोन पर संपर्क होने के बाद उन्हें मिलने की इजाजत मिली। AISA ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने नेहा की तबीयत खराब होने के बावजूद उन्हें दवाइयां देने से मना किया। संगठन का दावा है कि पुलिस स्टेशन में वकीलों से मुलाकात के दौरान पुलिसकर्मी और रिकॉर्डिंग कैमरे भी मौजूद थे।
नेहा ने अपने बयान में दिल्ली के रास्तों पर लगने वाली पाबंदियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को काम पर जाने के लिए रास्तों में रुकावटों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) रोकने की मांग भी दोहराई।
सौरव दास और आशुतोष रांका तिहाड़ जेल में
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है। दोनों को 13 अक्टूबर की सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था।
फिलहाल वे तिहाड़ जेल में हैं। उनकी न्यायिक हिरासत 18 अक्टूबर को खत्म होगी। इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें फिर कोर्ट में पेश करेगी। आगे उनकी हिरासत बढ़ाने या किसी दूसरी कार्रवाई पर फैसला अदालत की प्रक्रिया के तहत होगा।
तिरंगा मार्च के बाद पुलिस ने जारी कीं गाइडलाइंस
'लहरा दो तिरंगा' मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज को सही तरीके से फहराने, संभालने और प्रदर्शित करने को लेकर गाइडलाइंस जारी की हैं। इन निर्देशों में तिरंगे के सम्मान और उसके इस्तेमाल से जुड़े नियमों पर जोर दिया गया है।
गाइडलाइंस के मुताबिक, राष्ट्रीय ध्वज को ऐसी जगह और स्थिति में रखा जाना चाहिए जहां उसका सम्मान बना रहे। उसे जमीन पर नहीं घसीटना चाहिए और न ही पानी में गिरने देना चाहिए। तिरंगे को उल्टा, यानी केसरिया पट्टी नीचे करके, नहीं फहराया जा सकता। इसी तरह, सरकारी निर्देश के बिना उसे आधा झुकाकर रखना भी मना है।
पुलिस के निर्देशों में यह भी कहा गया है कि तिरंगे को कपड़ों या यूनिफॉर्म के हिस्से के रूप में इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसे कुशन, रुमाल और नैपकिन जैसी चीजों पर छापना, इस पर लिखना या सजावट के लिए कपड़े की तरह इस्तेमाल करना भी प्रतिबंधित है। निजी अंतिम संस्कार में भी इसका ऐसा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
विशेष अवसर पर झंडा फहराने से पहले उसके भीतर फूलों की पंखुड़ियां रखने के अलावा, किसी वस्तु को ढकने या ले जाने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। मूर्तियों, स्मारकों, भाषण देने की मेज या मंच को ढकना भी नियमों के खिलाफ है। किसी वाहन, ट्रेन, नाव या विमान पर इसे लपेटने और इमारत को ढकने के लिए इस्तेमाल करने पर भी रोक है।


Click it and Unblock the Notifications
