'21 छात्रों की मौत के बाद जश्न?' प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP की पार्टी पर बवाल! वकील ने पूछा सबसे बड़ा सवाल
नीट पेपर लीक के खिलाफ एक महीने से ज्यादा समय तक चले लंबे आंदोलन के बाद जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया, तो आंदोलन की अगुवाई कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) जीत के जश्न में डूब गई। अब ये जश्न गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है। सवाल उठाए जा रहे हैं 21 छात्रों की मौत के बाद ये जश्न किस बात का। इस पार्टी में CJP के प्रवक्ता सौरभ दास, आशुतोष रांका और फाउंडर अभिजीत दीपके भी मौजूद थे। इसके अलावा कई इंफ्लूएंसर भी वहां मौजूद थे।
सुप्रीम कोर्ट वकील महेश जेठमलानी ने वायरल वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म होते ही सीजेपी के शीर्ष नेताओं के होटल में डांस और केक काटने के वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहे हैं। एक तरफ आम छात्र सड़कों पर लाठियां खाकर घर लौट रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बड़े नेताओं की यह ऐशो-आराम वाली पार्टी देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

CJP जीत का जश्न या नई बहस की शुरुआत?
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP नेताओं ने खुलकर खुशी मनाई। वायरल वीडियो में पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास, आशुतोष रांका और कोर टीम के कई सदस्य बॉलीवुड गानों पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। किसी वीडियो में केक काटा जा रहा है तो कहीं लोग एक-दूसरे को गले लगाकर जीत का जश्न मना रहे हैं।
एक वीडियो में सौरभ दास कहते सुनाई देते हैं कि यह केक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खुशी में काटा जा रहा है। साथ ही वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी करते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स में "ओ लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल" और "नागिन डांस" जैसे गानों पर CJP नेताओं को नाचते देखा जा सकता है।
बीमार चल रहे अभिजीत दीपके भी फ्लोर के पास बैठे दिखे। उनके हाथ में मेडिकल कैनुला लगा हुआ था, जिससे साफ होता है कि यह वीडियो आंदोलन खत्म होने के ठीक बाद का ही है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि यह जश्न किसी फाइव स्टार होटल में मनाया गया। (हालांकि वनइंडिया हिंदी इसकी पुष्टि नहीं करता है) यानी होटल को लेकर सोशल मीडिया पर दावे जरूर किए जा रहे हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
सुप्रीम कोर्ट के वकील महेश जेठमलानी ने भी उठाए सवाल
सीजेपी नेताओं के इस रवैये पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने बेहद सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए आंदोलन के पीछे की फंडिंग पर सीधे-सीधे उंगली उठाई है।
उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा,
"क्या यह सच में मजाक है? दिल्ली में इतने दिनों तक हिंसा और बवाल देखने के बाद, ये तथाकथित युवा कार्यकर्ता होटल में म्यूजिक बजाकर डांस करने लगे! इस पूरे आंदोलन के दौरान इनके आने-जाने, खाने-पीने, ठहरने, लाउडस्पीकर और बाकी चीजों का खर्च किसने उठाया? आखिर कौन लोग थे जो दिल्ली को इतने दिनों तक सुलगाने वालों को पैसा दे रहे थे?"
सोशल मीडिया पर भड़के लोग, आम छात्रों से धोखाधड़ी का आरोप
होटल में हुए इस जश्न के बाद आम जनता और इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग 21 बेकसूर छात्रों की खुदकुशी और आंदोलन में नुकसान उठाने वाले आम युवाओं की याद दिलाकर सीजेपी नेताओं की आलोचना कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, "प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी सदस्यों द्वारा होटल में डांस का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस फ्रॉड को देखिए। याद रखें, इन अमीर नेताओं ने एक भी लाठी या आंसू गैस का गोला नहीं झेला। असली मार तो उन गरीब छात्रों ने सही, जिन्होंने अपनी जेब से पैसे लगाए और चोटें भी खाईं।"
कुछ लोगों का कहना है कि आंदोलन में खाना खिलाने वाले जुनैद जैसे लोग पुलिस जांच का सामना कर रहे हैं, जबकि मुख्य नेता लग्जरी लाइफ का मजा ले रहे हैं। हालांकि कई दावों में इसे फाइव स्टार होटल की पार्टी बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक तौर पर होटल की रेटिंग की पुष्टि नहीं हुई है। 36 दिनों का आंदोलन खत्म जरूर हो गया है, लेकिन अब सीजेपी खुद अपनी इस 'विक्ट्री पार्टी' के कारण जनता की अदालत में घिर गई है।


Click it and Unblock the Notifications
