'वोट चोर,गद्दी छोड़',प्रकाश राज से ध्रूव राठी तक, CJP के चप्पल प्रोटेस्ट में किसने क्या कहा? 5 बड़ी बातें
CJP chappal protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ देश भर में माहौल गरमा गया है। दिल्ली में कांग्रेस की अगुवाई में INDIA ब्लॉक प्रदर्शन कर रहा है, तो बेंगलुरु में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने अलग अंदाज में मोर्चा खोला है। गुरुवार (08 अक्तूबर) को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में हुए प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज, यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP से जुड़े कई चेहरे नजर आए।
यहां सिर्फ नारे नहीं लगे। SIR खत्म करने से लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और जांच की मांग तक उठी। इसके बाद CJP का 'चप्पल प्रोटेस्ट' भी शुरू होना है। आखिर इस पूरे प्रदर्शन में किसने क्या कहा और इसके पीछे मुद्दा क्या है? समझिए 5 बड़ी बातें।

1. ध्रुव राठी बोले- सत्ता बदलने नहीं आया हूं
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूट्यूबर ध्रुव राठी ने SIR को लेकर चुनाव आयोग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठाए। ध्रुव राठी ने कहा, "SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग के रवैये में न तो कोई पारदर्शिता दिखी और न ही कोई जवाबदेही नजर आई। मैं यहां किसी सत्ता को बदलने या किसी पार्टी को जिताने नहीं आया हूं, बल्कि नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ा हुआ हूं।"
ध्रुव राठी की मौजूदगी इस प्रदर्शन का बड़ा आकर्षण रही। CJP और सिविल सोसाइटी समूहों की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने SIR को लेकर अपनी बात रखी।

2. अभिजीत दीपके बोले, "लड़ाई सिर्फ इस्तीफे की नहीं, SIR खत्म करने की है"
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ किया कि ज्ञानेश कुमार का पद छोड़ना ही इस समस्या का एकमात्र हल नहीं है। अभिजीत दीपके ने कहा,
"अगर ज्ञानेश कुमार चले भी जाते हैं तो उनकी जगह कोई दूसरा व्यक्ति आ जाएगा। हमारी असली जंग इस गलत SIR प्रक्रिया को पूरी तरह खत्म कराने की है। प्रक्रिया रद्द होने के बाद ज्ञानेश कुमार पर जांच बैठनी चाहिए और उनके खिलाफ कानूनी केस दर्ज होना चाहिए।"
3. प्रकाश राज: "चुनाव आयोग ने देश की गरिमा को ठेस पहुंचाई है"
अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज ने जन-अदालत के मंच से तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि CJP से लेकर AISA जैसे कई संगठन आज एक मंच पर सिर्फ इसलिए आए हैं क्योंकि मतदाता सूची में हेरफेर की आशंका गंभीर है। प्रकाश राज ने कहा,
"यह मुद्दा सिर्फ वोट चोरी तक सीमित नहीं है, यह उससे कहीं ज्यादा बड़ा और खतरनाक है। भारत के चुनाव आयोग ने SIR जैसी मनमानी प्रक्रिया चलाकर पूरे देश की प्रतिष्ठा का अपमान किया है।"

4. क्या बोले सौरभ दास और आशुतोष रांका?
सीजेपी नेता सौरभ दास ने विरोध की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि ज्ञानेश कुमार और उनके आकाओं के खिलाफ पूरा देश जवाबदेही तय करने सड़कों पर उतर आया है। वहीं सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने 'चप्पल प्रदर्शन' का मकसद समझाते हुए कहा,
"यह कदम उन लोगों के समर्थन में है जिनके नाम वोटर लिस्ट से गलत तरीके से हटा दिए गए हैं। 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले माहौल खराब करने की कोशिशें हो सकती हैं, लेकिन हम कोई हिंसा नहीं करेंगे। पूरा देश सब देख रहा है और यह मामला अब सिर्फ दिल्ली पुलिस तक सीमित नहीं रहेगा।"
5. आम जनता की पीड़ा: 'फॉर्म 7 का गलत इस्तेमाल और वोटर लिस्ट से गायब होते नाम'
प्रदर्शन में आम पेशेवरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी आपबीती साझा की। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के शकील बाशा ने दावा किया कि उन्होंने एसआईआर के दौरान चुनावी अधिकारियों के साथ काम किया था और कई मौकों पर मुस्लिम व दलित वोटरों के नाम हटाए जाते देखे। बेंगलुरु के सॉफ्टवेयर इंजीनियर मुजीबुर रहमान ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा,
"लोकतंत्र बचाने के लिए हम सबको एक होना पड़ेगा, क्योंकि मेरा खुद का वोट छीन लिया गया है। मेरी जानकारी के बिना ही किसी ने फॉर्म-7 भरकर वोटर लिस्ट से मेरा नाम कटवा दिया।"
दिल्ली तक फैली आंदोलन की आग और पुराने मामलों की री-ओपनिंग
एक तरफ बेंगलुरु में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' और 'ज्ञानेश इट्स डन ब्रो' के नारे गूंज रहे थे, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के राजघाट पर इंडिया (INDIA) गठबंधन प्रदर्शन कर रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में भी लिया, जिसके बाद
उन्होंने संकल्प लिया कि ज्ञानेश कुमार के हटने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इस बीच मुख्य चुनाव आयुक्त की मुश्किलें और बढ़ गई हैं क्योंकि केरल सरकार ने उनके खिलाफ साल 2006 के एक पुराने रिश्वतखोरी के मामले को दोबारा खोलने के आदेश विजिलेंस ब्यूरो को दे दिए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
