'क्या BJP वालों ने ही कराया था CJP पर हमला?', आशुतोष रांका से मारपीट का पूरा सच आया सामने!
जयपुर के बगरू इलाके के रामपुरा कनवारपुरा गांव में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की टीम के साथ हुई झड़प अब सिर्फ एक स्कूल विवाद नहीं रह गई है। आशुतोष रांका और उनकी टीम ने आरोप लगाया कि उन पर BJP से जुड़े लोगों ने हमला किया, जबकि गांव के लोगों ने इस आरोप को खारिज किया है। रामपुरा गांव में 21 अगस्त की सुबह CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका अपनी 5-7 लोगों की टीम के साथ पहुंचे। पार्टी का मकसद 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत गांव के सरकारी स्कूल की खस्ताहाल स्थिति का मुआयना करना था।
लेकिन जैसे ही टीम गांव पहुंची, वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों की भीड़ ने उन्हें रोक लिया। देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की, पत्थराव और मारपीट में बदल गई। CJP कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए गए। CJP ने तुरंत आरोप लगाया कि हमला करने वाले लोग "बीजेपी के गुंडे" थे। आशुतोष रांक ने कहा, "हम पर हमला करने वाले लोग बीजेपी नेताओं के इशारे पर आए गुंडे थे। हमारे पास इस पूरी घटना के वीडियो सबूत हैं।"

दूसरी तरफ ग्रामीणों का कहना है कि वे CJP की टीम को गांव में आने से रोक रहे थे, लेकिन उन्होंने हमला नहीं किया। उनका दावा है कि बाहरी लोगों की मौजूदगी से गांव में डर का माहौल बना। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज हो गई। यानी अभी कहानी में आरोप दोनों तरफ से हैं, लेकिन यह कहना जल्दबाजी होगी कि हमलावर कौन थे और उनका किसी पार्टी से आधिकारिक संबंध था या नहीं।
क्या हमलावर BJP के लोग थे?
यही इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा सवाल है। CJP का सीधा आरोप है कि हमलावर BJP से जुड़े लोग थे। आशुतोष रांका ने कहा कि यह सिर्फ ग्रामीणों का विरोध नहीं था, बल्कि बाहर से लोगों को बुलाकर हमला कराया गया। CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी BJP के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। लेकिन दूसरी तरफ गांव के लोगों ने खुद को BJP का अधिकृत कार्यकर्ता मानने से इनकार किया है। कुछ ग्रामीणों ने कहा कि गांव में BJP समर्थक जरूर हैं, लेकिन विरोध स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर किया।
लालचंद शर्मा का क्या है BJP कनेक्शन?
विरोध कर रहे ग्रामीणों में लालचंद शर्मा का नाम सामने आया है। उनका BJP से पुराना जुड़ाव बताया गया है। हालांकि लालचंद का कहना है कि वह फिलहाल किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें CJP के आने की पहले से जानकारी नहीं थी।
सुबह मंदिर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि टीम स्कूल आने वाली है। इसके बाद गांव के लोगों ने तय किया कि वे CJP की टीम को स्कूल में प्रवेश नहीं करने देंगे। लालचंद ने यह भी कहा कि जिन लोगों पर देश विरोधी नारे लगाने जैसे आरोप हैं, उन्हें स्कूल में आने देने का ग्रामीण विरोध कर रहे थे। उनका तर्क था कि स्कूल की मरम्मत के लिए पहले ही सरकारी पैसा मंजूर हो चुका है।
'पूरा गांव BJP का है'... ग्रामीण ने क्या कहा?
विरोध में शामिल शंकरलाल शर्मा उर्फ बागड़ा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया। उनका कहना था कि ग्रामीणों ने CJP की टीम से कई बार हाथ जोड़कर वापस जाने को कहा था। जब उनसे BJP कनेक्शन पूछा गया तो उन्होंने कहा,
"पूरा गांव ही BJP समर्थक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि यहां BJP के नेता या पार्टी के कार्यकर्ता आकर हमला कर रहे थे। ग्रामीण अपने स्तर पर खड़े हुए थे।"
गांव के रामअवतार शर्मा ने भी कहा कि स्कूल की मरम्मत के लिए विधायक की तरफ से 18 लाख रुपये मंजूर किए जा चुके हैं। उनका दावा था कि स्कूल की हालत स्थानीय स्तर पर भी सुधारी जा सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल से कुछ दूरी पर हाल में मंदिर का निर्माण हुआ है। रामअवतार शर्मा के मुताबिक, गांव के लोगों ने चंदा जुटाकर मंदिर पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं। उनका कहना था कि अगर स्कूल की समस्या सरकार नहीं सुलझाती तो गांव वाले मिलकर स्कूल की मरम्मत या निर्माण का रास्ता भी निकाल सकते हैं।
विधायक कैलाश वर्मा ने क्यों किया ग्रामीणों का बचाव?
घटना की जानकारी मिलने के बाद बगरू विधायक कैलाश वर्मा भी गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की। विधायक ने कहा कि रामपुरा गांव की पहचान अच्छे गांव के तौर पर है और स्कूल के लिए 18 लाख रुपये पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं। CJP की तरफ से ग्रामीणों को 'गुंडा' कहे जाने पर विधायक ने नाराजगी जताई। उनका सवाल था कि अगर ग्रामीण अपने स्कूल को लेकर विरोध कर रहे हैं तो उन्हें गुंडा कहने का अधिकार किसे है।
घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है। पुलिस के मुताबिक एक ग्रामीण ने CJP टीम पर लोगों को डराने और हंगामा करने का आरोप लगाया। वहीं CJP की तरफ से भी मारपीट का केस दर्ज कराया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
