CJI UU Lalit की रिटायरमेंट, सुप्रीम कोर्ट में आज आखिरी दिन, पीठ की कार्यवाही का सीधा प्रसारण होगा
CJI UU Lalit आज बतौर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया आखिरी बार सुप्रीम कोर्ट में मामलों की सुनवाई करेंगे। अदालत से कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग होगी। cji uu lalit last working day supreme court proceedings live streaming
CJI UU Lalit चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के रूप में आठ नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई ललित के कार्यदिवस के अंतिम दिन सात नवंबर को अदालत की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाएगा। बता दें कि चीफ जस्टिस उदय उमेश ललित का कार्यकाल बेहद संक्षिप्त लेकिन अहम भी रहा। पदभार ग्रहण करने से पहले ही प्रतिदिन एक संविधान पीठ के गठन का फैसला सुर्खियों में रहा।

CJI यूयू ललित रिटायर 8 नवंबर को रिटायर
CJI ललित का अंतिम कार्य दिवस होने के कारण सुप्रीम कोर्ट सोमवार को जस्टिस ललित की अध्यक्षता वाली औपचारिक पीठ की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करेगा। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक CJI ललित 8 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। हालांकि, गुरु नानक जयंती के कारण अदालत में अवकाश होगा, इसलिए कोर्ट की कार्यवाही में आखिरी कार्यदिवस 7 नवंबर को ही होगा और सीजेआई यूयू ललित रिटायर हो जाएंगे।
अंतिम दिन किस पीठ में बैठेंगे CJI
खबर के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश यू यू ललित की अध्यक्षता वाली औपचारिक पीठ दोपहर 2 बजे बैठेगी। शीर्ष अदालत लंच ब्रेक के बाद सीजेआई ललित की अध्यक्षता वाली पीठ में न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी भी शामिल होंगे।

सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही का सीधा प्रसारण
औपचारिक पीठ इसलिए क्योंकि सीजेआई के कार्यकाल में अंतिम दिन भारत के निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश अपने उत्तराधिकारी के साथ पीठ साझा करते हैं। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य और सरकार के वरिष्ठ कानून अधिकारी उन्हें विदाई देते हैं। सीजेआई ललित के अंतिम कार्यदिवस के संबंध में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी एक नोटिस में कहा गया है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश की रिटायरमेंट की पूर्व संध्या पर, 07 नवंबर, 2022 को मुख्य न्यायाधीश की अदालत यानि सेरेमोनियल बेंच की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रसारण सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर होगा।
संविधान पीठों की लाइव स्ट्रीमिंग
बता दें कि सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर पहली बार 26 अगस्त को तत्कालीन CJI एन वी रमना की औपचारिक पीठ की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया था। 26 अगस्त एनवी रमना का शीर्ष अदालत में अंतिम कार्य दिवस था। इसके बाद 27 सितंबर से शीर्ष अदालत ने अपने वेबकास्ट चैनल और यूट्यूब के माध्यम से संविधान पीठों की लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी है। आठ लाख से अधिक दर्शक कार्यवाही को देख चुके हैं।

SC से सीधा प्रसारण, चार साल पहले आया विचार
सुप्रीम कोर्ट प्रोसिडिंग लाइव दिखाई जाए, इस विचार पर आज से चार साल पहले 27 सितंबर, 2018 को भारत के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने ऐतिहासिक निर्णय दिया था। पीठ ने कहा था कि संवैधानिक महत्व के मामलों में महत्वपूर्ण कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट या वेबकास्ट किया जाना चाहिए।
किन मामलों का सीधा प्रसारण हो ?
मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में, केवल एक निर्दिष्ट श्रेणी के मामले जो संवैधानिक या राष्ट्रीय महत्व के हैं और एक संविधान पीठ के समक्ष बहस की जा रही हो, ऐसे मामलों की लाइव-स्ट्रीमिंग की जानी चाहिए। शीर्ष अदालत ने कहा था कि वैवाहिक विवादों या यौन उत्पीड़न से जुड़े संवेदनशील मामलों का सीधा प्रसारण नहीं किया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications