कोविड महामारी के दौरान पीएम मोदी ने सीजेआई चंद्रचूड़ को क्यों किया था कॉल? चीफ जस्टिस ने खुद किया खुलासा
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ ने गुरुवार, 22 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के परिसर में आयुष समग्र कल्याण केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए 'आयुष' के साथ अपने कोविड ट्रीटमेंट का जिक्र किया।
कोविड संक्रमित होने के दौरान के अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने पीएम द्वारा उनकी 'आयुष' से पहचान कराने की बात भी बताई। साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयुष समग्र कल्याण केंद्र खुलने पर अपनी खुशी व्यक्ति की।

सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने बताया, ''कोविड फैलने के बाद से मैं आयुष से जुड़ा हुआ हूं। मुझ पर कोविड का बहुत बुरा असर हुआ। उस दौरान प्रधानमंत्री ने मुझे फोन किया और कहा, मैं जानता हूं कि आप कोविड से पीड़ित हैं और मुझे उम्मीद है कि सब कुछ ठीक है। मुझे एहसास है कि आप अच्छी स्थिति में नहीं हैं, लेकिन हम सब कुछ करेंगे। एक वैद्य हैं जो आयुष में सचिव भी हैं और मैं उनके साथ एक कॉल की व्यवस्था करूंगा जो आपको दवा और जरुरी जानकारी भेज देंगे।''
सीजेआई ने आगे बताया कि जब वो कोविड से पीड़ित थे तो उन्होंने आयुष से दवा ली। दूसरी और तीसरी बार जब उन्हीं कोविड हुआ, तब उन्होंने बिल्कुल भी एलोपैथिक दवा नहीं ली। उन्होंने कहा, "सभी न्यायाधीश, उनके परिवार और सुप्रीम कोर्ट के 2000 से अधिक स्टाफ सदस्य , मैं उनके बारे में बहुत चिंतित हूं क्योंकि उन्हें न्यायाधीशों जैसी सुविधाएं नहीं मिलती हैं। मैं चाहता हूं कि उनके पास जीवन का एक समग्र पैटर्न हो..."
उन्होंने कहा, "मेरे लिए, यह एक संतोषजनक क्षण है। जब से मैंने सीजेआई का पदभार संभाला है तब से मैं इस पर काम कर रहा हूं। मैं आयुर्वेद और समग्र जीवन शैली का समर्थक हूं। हमारे पास 2000 से अधिक स्टाफ सदस्य हैं, और हमें इस पर विचार करना चाहिए।"
सीजेआई चंद्रचूड़ ने आगे बताया, "मैं योग करता हूं। मैं शाकाहारी आहार का पालन करता हूं, पिछले पांच महीनों में मैंने पूरी तरह से शाकाहारी आहार का पालन किया है और मैं इसे जारी रखूंगा। मैं जीवन के समग्र पैटर्न पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करता हूं और ये आप जो खाते हैं उससे शुरू होता है।"
आयुष समग्र कल्याण केंद्र का उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, उनके परिवारों और स्टाफ सदस्यों के बीच आयुर्वेद और समग्र जीवन शैली प्रथाओं को बढ़ावा देना है।












Click it and Unblock the Notifications