Microsoft Outage: एयरपोर्ट पर सिस्टम ठीक तरीके से कर रहे काम, उड्डयन मंत्री ने दिया बड़ा अपडेट
Microsoft Outage: शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक आउटेज के कारण पूरी दुनिया में हड़कंम मच गया। इस तकनीकी दिक्कत की वजह से भारत समेत दुनिया के कई देशों में हवाई सेवा बुरी तरह से प्रभावित हो गईं। इतना ही नहीं, बैंक, हॉस्पिटल, शेयर बाजार, टीवी चैनल भी ठप हो गए थे।
वहीं, अब एयरलाइंस से जुडी एक अच्छी खबर सामने आई है। आउटेज की समस्या के बाद अब भारतीय हवाई अड्डों पर एयरलाइन सिस्टम ने सामान्य रूप से काम करना शुरू कर दिया है। भारतीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने इस संबंध में बड़ा अपडेट दिया है।

उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 3 बजे से अब देश के सभी एयरपोर्ट पर सिस्टम ठीक तरीके से काम करने लगे हैं। जिसके बाद से अब उड़ान संचालन सुचारू रूप से हो रहा है। उड्डयन मंत्रालय लगातार एयरपोर्ट के संचालन पर निगाह बनाए है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बात पर भी पूरी ध्यान दिया रहा है कि यात्रियों का अडजस्टमेंट और रीफंड सही समय पर किया जाए।
इस बीच, एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा,'19 जुलाई को एयर इंडिया की कोई भी उड़ान आउटेज के कारण रद्द नहीं की गई थी।' हालांकि,आउटेज के कारण हवाई अड्डे की सेवाओं में कुछ देरी हुई थी। एयर इंडिया का आईटी बुनियादी ढांचा कल इस इस अपडेट से प्रभावित नहीं हुआ और सामान्य रूप से काम करता रहा।'
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत भर के कई हवाई अड्डों पर शनिवार को दूसरे दिन भी तकनीकी समस्या जारी रहीं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मुंबई, नई दिल्ली और चेन्नई समेत प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
लेकिन, हवाई अड्डे पर अव्यवस्था, चेक-इन काउंटरों पर लंबी कतारें और धीमी चेक-इन, अभी भी जारी है। बिजनेस टुडे ने दावा किया कि हवाई यात्रा की सुविधा देने वाली डिजीयात्रा प्रणाली अभी भी ऑफ़लाइन है।












Click it and Unblock the Notifications