देश के 8 एयरपोर्ट पर यात्रियों से पूछे जाएंगे ये अहम सवाल
नई दिल्ली। देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों की सुरक्षा के मद्देनजर सेंट्रल इंडस्ट्रियल सेक्युरिटी फोर्स तमाम एयरपोर्ट का सर्वे करेगी। यह सर्वे देश के आठ एयरपोर्ट का किया जाएगा, जिसमे मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट भी शामिल हैं। सीआईएसएफ यह सर्वे अपनी दक्षता और मौजूदा सतर्कता को जांचने के लिए करेगी, जिससे की एयरपोर्ट की सुरक्षा को और भी पुख्ता किया जा सके। इसके लिए कई तरीकों को सीआईएसएफ अपनाएगी जिसमें लोगों से उनकी राय भी एयरपोर्ट पर पूछी जाएगी कि क्या वह एयरपोर्ट की सुरक्षा से संतुष्ट हैं, या उन्हें किस तरह की सुरक्षा में खामी लगती है।
इसे भी पढ़ें- रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने किया LoC का दौरा, कहा- दुश्मनों का मुंहतोड़ जवाब दे सेना

यात्रियों से लिया जाएगा फीडबैक
तमाम यात्रियों से भी सीआईएसएफ उनकी राय लेगी ताकि एयरपोर्ट की सुरक्षा को पुख्ता किया जाए। इसके लिए अलग-अलग तरह के सवाल भी यात्रियों से पूछे जाएंगे, जिसमें एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों की ओर से दी जा रही सेवा पर सवाल पूछा जाएगा। सीआईएसएफ यह सर्वे एक महीने तक देशभर के मुख्य एयरपोर्ट्स पर करेगा, जिसमें यात्रियों से फीडबैक फॉर्म को भरने के लिए कहा जाएगा।

इन 8 एयरपोर्ट में किए गए सर्वे
जिन आठ एयरपोर्ट्स पर यह सर्वे किया जाएगा उसमें दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरू, कोलकाता, हैदराबाद, कोचीन, गुवाहाटी है। इन तमाम एयरपोर्ट्स पर फीडबैक हासिल करने के बाद यहां की सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद इसे और पुख्ता किया जाएगा। जिन अहम विषयों पर यह समीक्षा की जाएगी उसमे लोगों की सुरक्षा, सुरक्षा जांच में इंतजार का समय, सुरक्षाकर्मियों की जांच का तरीका, साथ ही सुरक्षाकर्मियों का व्यवहार व उनकी मदद की भी समीक्षा की जाएगी। खुद से कई पहल जिसमें बैग से टैग हटाना, टैग स्टैंपिंग आदि पर भी लोगों से सवाल पूछा जाएगा

2013 में किया गया था सर्वे
सीआईएसएफ के अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार, यात्रियों के साथ सहयोग, लगेज की जांच और इसके लिए इंतजार में लगे समय आदि के बारे में यात्रियों से सवाल पूछा जाएगा। सीआईएसएफ पिछले चार सालों में इस तरह का पहला सर्वे कर रही है। इससे पहले यह सर्वे 2013 में किया गया था, यह सर्वे देश के 59 एयरपोर्ट पर किया गया था, जिसमें सुऱक्षा की समीक्षा की गई थी। इस सर्वे में कुल 5 अंक में रेटिंग 4.49 मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications