चिराग पासवान बने लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पिता रामविलास पासवान की ली जगह
पटना। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे और जमुई से सांसद चिराग पासवान को लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का अध्यक्ष चुन लिया गया है। दिल्ली में मंगलवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में चिराग पासवान को पार्टी की कमान सौंपी गई। इस दौरान रामविलास पासवान भी मौजूद रहे। चिराग ने रामविलास पासवान की जगह ली है।
मंगलवार को पार्टी की बैठक में चिराग के नाम पर मुहर लगी। हालांकि, इसकी औपचारिक घोषणा शेष थी और चिराग का पार्टी अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा था। पिछले दिनों ही उनको बिहार लोजपा का कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया गया था। चिराग से पहले, रामविलास पासवान पार्टी के अध्यक्ष थे। अपने सरकारी आवास पर मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए रामविलास पासवान ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता लगातार युवा चेहरे की मांग कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसदों ने चिराग के नाम पर सहमति जताई है। चिराग युवा हैं और उम्मीद है कि वे पार्टी को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। वहीं, अध्यक्ष चुने जाने के बाद चिराग ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ताओं ने रामविलास पासवान से वादा किया है कि जिस विजन के साथ पार्टी की नींव रखी गई थी, उसे हम और आगे ले जाने का काम करेंगे। ऐसे दौर में लोजपा का गठन हुआ था जब कई नेता बड़ी पार्टी से अलग होकर अपनी पार्टी बना रहे थे।
मिलावटखोरी का शिकार हुए रामविलास पासवान, 420 रुपए किलो वाले सेब में निकला ये सब
चिराग ने कहा कि लोजपा ने किसी भी परिस्थिति से समझौता नहीं किया। अध्यक्ष के तौर पर रामविलास पासवान की तुलना किसी से नहीं की जा सकती है। सभी लोग मिलकर पार्टी को मजबूती के साथ आगे बढ़ाएंगे और नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। बता दें कि चिराग पासवान जमुई से सांसद हैं, वे इस सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर आए हैं। लोजपा बिहार में एनडीए की घटक दल है और रामविलास पासवान केंद्र में मंत्री हैं। जनता दल से अलग होकर पासवान ने साल 2000 में लोजपा का गठन किया था, इसके बाद से ही वे पार्टी के अध्यक्ष पद पर बने हुए थे।