बेंगलुरू में चीनी नागरिक पर हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार
बेंगलुरू में चीन के व्यापारी पर बदमाशों ने किया हमला, पुलिस ने पांचों बदमाशों को किया गिरफ्तार
बेंगलुरू। भारत और चीन के बीच रिश्तों मे आई खटास के बीच बेंगलुरू में चीनी नागरिक पर हमले की खबर सामने आई है। शनिवार की रात को चीन के एक नागरिक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस मामले में पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिस चीनी नागरिक पर हमला किया गया है उसका नाम येन है, जो बेंगलुरू एक बिजनेस डील के लिए आया था।

येन पर जिस वक्त हमला हुआ उस वक्त वह इंदिरानगर में अपनी कैब का इंतजार कर रहे थे, तभी बाइक से पांच लोगों ने येन पर चाकू से हमला कर दिया। इन लोगों ने येन के साथ लूटपाट करने की कोशिश की, लेकिन जब येन ने इन लोगों को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने इनपर हमला कर दिया और येन के चेहरे पर चाकू मार दिया।
इस घटना के बाद येन ने किसी तरह से खुद को बचाने की कोशिश की और मदद के लिए लोगों से गुहार लगाई। जिसके बाद वहां एक पुलिस कैब मौके पर येन की मदद के लिए पहुंची। येन को पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनके चेहरे पर गहरा घाव आया है। वहीं इस घटना पर पूर्वी डीसीपी अजय हिलोरी ने ट्वीट करके कहा कि चीनी नागरिक पर हमला करने वाले पांच लोगों गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही दो बाइक को सीज कर दिया गया है। सभी आरोपी हिस्ट्री शीटर हैं, जिसमें मणी, मणीकांत, विजय, अरुन किरन और शारथ हैं।












Click it and Unblock the Notifications