भारत के लिए बोला चीन- अजगर और हाथी की जोड़ी बन सकती है
नई दिल्ली। पाकिस्तान की वजह से भारत और चीन के संबंधों में आ रही दरार को लेकर चीन ने कहा है कि दोनों देशों के बीच सब कुछ ठीक है। चीन ने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के संबंध साबित कर सकते हैं कि 'अजगर' और 'हाथी' एक साथ शांतिपूर्वक रह सकते हैं।

चीनी एंबेसी के मिनिस्टर काउंसिलर जेंग ग्युंगझांग ने कहा, 'कभी हमारे संबंधों को कट्टर विरोधी अजगर और हाथी के तौर पर बयां किया जाता था, लेकिन हाल के वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों के स्थायी विकास से यह साबित हो गया है कि अजगर और हाथी की न सिर्फ दोस्ती हो सकती है बल्कि वे एक साथ आगे भी बढ़ सकते हैं।'

कठोर पड़ोसी होने के बाद भी निकाल सकते हैं शांति का रास्ता
चीनी थीम पर आधारित बुक एडिटोरियल ऑफिस के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा कि चीन और भारत अपने इतिहास, संस्कृतियों और धर्मों के आधार पर भी एक दूसरे का सहयोग कर परिवर्तन ला सकते हैं। चेंग ने कहा, 'सांस्कृतिक आदान-प्रदान और बातचीत दोनों देशों के संबंधों और विशेषताओं को बनाए रखने के लिए जरूरी हैं। दुनिया की सबसे पुरानी तो सभ्यताएं, (भारत और चीन) कठोर पड़ोसी होने के बावजूद शांति का रास्ता निकाल सकती हैं। '

'भारत-चीन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता'
बड़े बाजार के तौर पर उभरते चीन और भारत में विकास की तमाम संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि एशिया के बड़े देश होने की वजह से भारत और चीन को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। चेंग ने कहा कि जब चीन और भारत पूरी तरह विकसित हो जाएंगे और जब दोनों साथ होंगे तो यह एक बड़ा मौका होगा पूरे एशिया के लिए जब दुनिया इनकी ताकत को मानेगी।

बता दें कि हाल ही में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर पर बैन लगाने के खिलाफ चीन के कदम से भारत नाराज है। साथ ही चीन ने भारत के एनएसजी सदस्यता के प्रयासों पर भी बाधा डालने की कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications