Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुम्हार के चाक पर गढ़ा दीया, पारंपरिक शिल्पकारों से किया आत्मीय संवाद
कोरबा के बैकुंठपुर में सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में, मुख्यमंत्री ने कारीगर देवी दयाल प्रजापति को इलेक्ट्रिक पहिये पर दीया और कलश बनाते देखा, फिर खुद पहिया आज़माया। इस दौरे में पारंपरिक शिल्प और ग्रामीण आजीविका का समर्थन करने वाली सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला गया, जिसमें अधिकारी और विधायक मौजूद थे।
विष्णु देव साय का एक आत्मीय और सहज रूप उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने कुम्हार के चाक पर स्वयं मिट्टी का दीया और कलश गढ़कर पारंपरिक शिल्प के प्रति सम्मान और जुड़ाव का संदेश दिया।

अवसर था सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक का। बैठक में शामिल होने वे कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचे थे। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के साथ परिसर में स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।
प्रदर्शनी में सोनहत विकासखंड निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी से दीया और कलश बनाने का सजीव प्रदर्शन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उनके स्टॉल पर पहुंचे और कुछ समय तक उनकी शिल्पकला का बारीकी से अवलोकन किया।
कला के प्रति उत्सुकता बढ़ने पर मुख्यमंत्री ने स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा जताई। शिल्पकार की सहमति से उन्होंने घूमते हुए चाक पर रखी गीली मिट्टी को हाथों से साधा और देखते ही देखते उसे सुंदर दीये का आकार दे दिया। मुख्यमंत्री की सहज कुशलता देखकर शिल्पकार भी आश्चर्यचकित रह गए, वहीं उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से इस क्षण का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति से उनके व्यवसाय, आय और परिवार के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें शासन की स्वरोजगार और कारीगर हितैषी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक शिल्प, कारीगरों और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि स्थानीय कला और हुनर को नई पहचान और बेहतर बाजार मिल सके।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक रविकुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications