Chhattisgarh Train Accident: बिलासपुर में यात्री ट्रेन की मालगाड़ी से हुई भयंकर टक्कर, कई यात्रियों की मौत
Chhattisgarh Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आज एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया, जिसमें यात्रियों से भरी ट्रेन और एक मालगाड़ी की टक्कर हो गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस हादसे में 4 लोगों की मौत और लगभग 25 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। हालांकि हादसे में मरने वालों की संख्या इससे अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। इस घटना में 10 यात्रियों की मौत हो गई है और बड़ी संख्या में यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह दर्दनाक घटना जयरामनगर स्टेशन के पास लालखदान क्षेत्र में हुई। शुरूआती जानकारी के अनुसार, गेवरा रोड से बिलासपुर जा रही मेमू लोकल ट्रेन (नंबर 68733) शाम करीब 4 बजे गाटोरा और बिलासपुर के बीच अपलाइन पर एक मालगाड़ी से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कोरबा पैसेंजर ट्रेन का पहला डिब्बा मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने बचाव और चिकित्सा दलों को घटनास्थल पर भेजा। हादसे में कोरबा पैसेंजर ट्रेन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला आरक्षित डिब्बे से महिलाओं को निकाला जा रहा है।
मौके पर मौजूद वीडियो में कई लोग दुर्घटनास्थल के पास जमा होते दिखाई दिए, जबकि अधिकारी बचाव अभियान चला रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि घायल यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे की चिकित्सा टीमों को तुरंत तैनात किया गया, और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।रेलवे ने इस दुर्घटना से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। ये नंबर जनता की मदद के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
चंपा जंक्शन के लिए हेल्पलाइन नंबर 808595652 है, जबकि रायगढ़ के लिए 975248560 पर संपर्क किया जा सकता है। पेंड्रा रोड के लिए 8294730162 नंबर जारी किया गया है।
इसके अलावा, दुर्घटनास्थल पर तत्काल सहायता के लिए भी हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें 9752485499 और 8602007202 शामिल हैं। ये नंबर यात्रियों और उनके परिजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं।
रेलवे मृतकों के परिजनों को देगा 10 लाख रुपये का मुआवजा
त्तीसगढ़ में हुए ट्रेन हादसे के बाद भारतीय रेलवे ने प्रभावित यात्रियों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्तियों को 5 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। वहीं, इस हादसे में मामूली रूप से चोटिल हुए यात्रियों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
बता दें छत्तीसगढ़ में हुए ट्रेन हादसे के बाद ओवरहेड वायरिंग और सिग्नलिंग सिस्टम को काफी नुकसान पहुंचा है। तकनीकी टीमें मरम्मत और ट्रैक को साफ करने का काम तेजी से कर रही हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए, रेलवे ने वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था भी की है।












Click it and Unblock the Notifications