Chhattisgarh News: कर्तव्य पथ पर दिखेगा जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश का पहला डिजिटल संग्रहालय
छत्तीसगढ़ की झांकी को गणतंत्र दिवस समारोह के लिए चुना गया है, जो आदिवासी नायकों का सम्मान करेगी और राज्य के डिजिटल संग्रहालय को प्रदर्शित करेगी। यह प्रदर्शन राष्ट्रीय विषय के अनुरूप है, बलिदान, एकता और देशभक्ति पर प्रकाश डालता है, जो रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित एक कठोर बहु-राज्य चयन प्रक्रिया के बाद किया गया है।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय की झलक देखने को मिलेगी। रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए छत्तीसगढ़ की झांकी का चयन किया है।

यह डिजिटल संग्रहालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में लोकार्पित किया गया था। झांकी के चयन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की झांकी के माध्यम से आदिवासी समाज की देशभक्ति, अद्भुत वीरता और अपने सिद्धांतों के लिए प्राण न्योछावर करने की परंपरा को पूरा देश देखेगा। उन्होंने इसे राज्य के लिए गर्व और उत्साह का विषय बताया।
जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव ने बताया कि सभी राज्यों द्वारा झांकी के प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेजे गए थे। चार महीने चली लंबी चयन प्रक्रिया के बाद 17 राज्यों की झांकियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। विशेषज्ञ समिति ने छत्तीसगढ़ की झांकी की विषयवस्तु और डिजाइन की सराहना करते हुए इसे अंतिम स्वीकृति प्रदान की।
जनसंपर्क आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्’ पर आधारित है। इस झांकी में आदिवासी समाज के उन वीर नायकों के बलिदान को दर्शाया गया है, जिनके सम्मान में देश का पहला डिजिटल संग्रहालय स्थापित किया गया है। यह डिजिटल संग्रहालय जनजातीय विद्रोहों की वीरता, एकजुटता और स्वतंत्रता के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक रोचक और प्रेरणादायक तरीके से पहुंचाता है।
जनसंपर्क अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ की झांकी की थीम और डिजाइन जनसंपर्क आयुक्त के मार्गदर्शन में तैयार की गई। पांच चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरने के बाद झांकी को अंतिम स्वीकृति मिली। रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति के समक्ष पहले थीम और डिजाइन प्रस्तुत किए गए, इसके बाद थ्रीडी मॉडल दिखाया गया। अंततः संगीत के चयन के साथ झांकी को अंतिम मंजूरी प्रदान की गई।












Click it and Unblock the Notifications