छत्तीसगढ़ बन रहा रेलवे सुविधाओं के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ का 7470 करोड़ रुपये का रेलवे बजट राज्य भर में नई लाइनों, स्टेशन नवीनीकरण और सुरक्षा उन्नयन सहित रेल परियोजनाओं में तेजी लाता है। अमृत भारत और वंदे भारत सेवाओं के विस्तार के साथ, योजना का लक्ष्य यात्री ट्रेनों को दोगुना करना, लाइनों का विद्युतीकरण करना और क्षेत्रीय विकास को मजबूत करना है।
छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक बजट प्रावधान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से राज्य में रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल रहा है। वर्ष 2009–14 के दौरान जहां रेलवे के लिए औसतन 311 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट था, वहीं 2026–27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग 24 गुना वृद्धि को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 51,080 करोड़ रुपये की लागत से रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें नए रेल ट्रैक का निर्माण, रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदूर वनांचल बस्तर क्षेत्र में जगदलपुर को जोड़ने वाले रावघाट–जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट की शुरुआत जनजातीय समाज के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक अमूल्य उपहार है। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगी।
उन्होंने बताया कि परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर के साथ-साथ नए फ्रेट कॉरिडोर को भी मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से आने वाले वर्षों में राज्य में यात्री ट्रेनों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे स्टेशन पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में वंदे भारत एक्सप्रेस की दो जोड़ियां और अमृत भारत एक्सप्रेस की एक जोड़ी यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक राज्य में लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर और अंडरपास तथा ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना की गई है। इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ रेलवे सुविधाओं के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होता जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह विकास केवल रेल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आम नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications