छत्तीसगढ़: PMO के दखल के बाद छेड़खानी के आरोपी प्रोफेसरों पर केस दर्ज
बिलासपुर में एक निजी कॉलेज के दो प्रोफेसरों ने अपने एक महिला सहकर्मी से कथित छेड़खानी की थी
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो प्रोफेसरों द्वारा महिला सहकर्मी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय के दखल के बाद आरोपी प्रोफेसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बिलासपुर पुलिस को पत्र लिखकर इस मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. उन्होंने कहा कि सुबीर सेन और दुर्गा शरण चंद्रा के खिलाफ कल रात कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

बिलासपुर में एक निजी कॉलेज के दो प्रोफेसरों ने अपने एक महिला सहकर्मी से कथित छेड़खानी की थी। इस मामले में पीड़िता ने पीएमओ से गुहार लगाई थी। जिले के डी पी विप्रा कॉलेज में आरोपी सुबीर सेन वाणिज्य जबकि दुर्गा शरण चंद्रा भौतिकी के प्रोफेसर हैं।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उस पर अंतरंग संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे, लेकिन उसने इनकार कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त करने वाली संस्था ने वह शिकायत पीएमओ के पास भेज दी। बिलासपुर पुलिस को 11 दिसंबर को पीएमओ से एक पत्र मिला जिसमें पुलिस को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। शुरुआती जांच के बाद दोनों के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications