Chhattisgarh News: शांति और सुरक्षा में पुलिस के साहस व बलिदान की पहचान बनेगा रजत जयंती पदक : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के पुलिस मुख्यालय में छत्तीसगढ़ पुलिस सिल्वर जुबली मेडल का अनावरण किया, जो बल के साहस, बलिदान और 25 वर्षों से शांति और सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को मान्यता देता है। गोलाकार, चांदी रंग का पदक एक वर्ष-वृक्ष और एक पहाड़ी ब्लू बर्ड रूपांकन पेश करता है, जो क्षेत्रीय संस्कृति और पुलिस टीम वर्क को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की स्थायी पहचान बनेगा। उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए पदक का विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय दिया है। कई पुलिसकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। यह पदक उनके समर्पण और सेवा को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पदक की संरचना छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा से प्रेरित है। गोल आकार और चांदी के रंग वाले इस पदक के अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का उभरा हुआ चित्र अंकित रहेगा। इसे रिबन के साथ धारण किया जाएगा। वर्दी में इसे बाईं ओर जेब के ऊपर निर्धारित वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।
पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव और पुलिस बल की टीम भावना का प्रतीक है। वहीं साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु और संरक्षण का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की तरह यह पदक भी पुलिस बल के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करेगा तथा छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications