Chhattisgarh News: सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
विधानसभा में, मुख्यमंत्री ने गवर्नेंस, विकास और सुरक्षा में प्रगति पर प्रकाश डाला। मुख्य बिंदुओं में सख्त भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई, वनरोपण लाभ, लक्षित सिंचाई निधि, विस्तारित किसान समर्थन, बेहतर बिजली पहुंच, सौर सब्सिडी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, और डिजिटल गवर्नेंस में प्रगति शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में सतत विकास और सुरक्षा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और कई आरोपी जेल में हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत दो वर्षों में करीब 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। भारतीय वन संरक्षण की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में वन और वृक्ष आवरण में 683 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और 31 मार्च तक इसके समूल उन्मूलन का लक्ष्य है। बस्तर में अब स्कूल और अस्पताल संचालित हो रहे हैं तथा बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों से 21 क्विंटल तक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी गई है और अंतर की राशि होली से पहले किसानों को दी जाएगी। सिंचाई के क्षेत्र में दो वर्षों में 10,700 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि पूर्व सरकार ने 5,700 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे।
‘जी राम जी योजना’ के तहत मनरेगा से अधिक 125 दिन का रोजगार दिया जाएगा। सरकार की मंशा हाफ बिजली बिल से आगे बढ़कर मुफ्त बिजली की दिशा में जाने की है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दी जा रही है और अब तक 27 हजार से अधिक घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं।
आवास और बुनियादी ढांचे में प्रगति
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 10 महीनों में 5 लाख से अधिक आवास पूरे किए गए हैं, जो देश में सर्वाधिक है। रेलवे क्षेत्र में 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्य प्रगति पर हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिनमें 5 का कार्य पूरा हो चुका है। वंदेभारत एक्सप्रेस नागपुर और विशाखापत्तनम के लिए शुरू की गई है। राज्य में 500 नए मोबाइल टावर स्वीकृत किए गए हैं, जिससे संचार कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
स्वास्थ्य और शिक्षा में विस्तार
प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 4,551 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। एम्स में रोबोटिक सर्जरी शुरू हो गई है। शिक्षा क्षेत्र में युक्तियुक्तकरण के माध्यम से ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित की गई है। 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
सांस्कृतिक और पर्यटन विकास
बस्तर पंडुम में इस वर्ष 54 हजार कलाकारों ने पंजीयन कराया है। होमस्टे योजना से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। नया रायपुर स्थित ट्राइबल म्यूजियम में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। रामलला दर्शन योजना से 42 हजार और मुख्यमंत्री दर्शन योजना से 5 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा दे रही है। ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है और इसे जिला स्तर तक विस्तारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए शिखर पर पहुंचाना है।












Click it and Unblock the Notifications