Chhattisgarh News: चित्रोत्पला फिल्म सिटी छत्तीसगढ़ की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को देगी नई गति: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ रायपुर में चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की घोषणा करता है। परियोजनाओं का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करना, स्थानीय प्रतिभा का प्रदर्शन करना और राज्य को फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जिससे फिल्म पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
छत्तीसगढ़ का वर्षों पुराना सपना आज साकार हो गया। चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य को फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ-साथ रचनात्मक अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के ग्राम माना-तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस परियोजना से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा, निवेश के नए अवसर सृजित होंगे और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर और सशक्त होगी। आने वाले वर्षों में यह पहल युवाओं, कलाकारों और पर्यटन क्षेत्र के लिए विकास के नए द्वार खोलेगी।
मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दोनों परियोजनाओं की आधारशिला रखी और प्रदेशवासियों, कलाकारों तथा फिल्म निर्माताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रदेश के अभिनय और कला जगत से जुड़े लोगों के लिए ऐतिहासिक है। चित्रोत्पला फिल्म सिटी के माध्यम से हजारों स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं फिल्म निर्माताओं को फिल्म निर्माण से जुड़ी सभी आधुनिक तकनीकी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमिपूजन के साथ ही फिल्म निर्माण और कन्वेंशन सेंटर से जुड़े चार प्रस्ताव प्राप्त होना इस बात का संकेत है कि छत्तीसगढ़ फिल्म उद्योग के लिए तेजी से आकर्षक केंद्र बन रहा है। इससे राज्य की सांस्कृतिक और सामाजिक विषयवस्तु को बड़े पर्दे पर नई पहचान मिलेगी।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक, आर्थिक और रचनात्मक भविष्य की मजबूत नींव है। छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के कारण पहले ही फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि आगामी दो वर्षों में इन परियोजनाओं को पूर्ण कर राज्य को समर्पित किया जाए।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल तथा पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के प्रस्तावित मास्टर प्लान का अवलोकन किया और परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर परियोजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
भूमिपूजन के साथ ही पर्यटन विभाग को फिल्म निर्माण और कन्वेंशन सेंटर में इकाइयों की स्थापना के लिए चार प्रस्ताव प्राप्त हुए। गदर फिल्म के निर्माता अनिल शर्मा ने अपनी आगामी फिल्म का निर्माण चित्रोत्पला फिल्म सिटी में करने का प्रस्ताव दिया। इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन राकेश कुमार ने ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में इंटरनेशनल एक्जीबिशन सेंटर और ट्रेड मार्ट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स के चेयरमैन नीरज खन्ना ने वर्ल्ड क्लास हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट फेयर आयोजित करने का प्रस्ताव दिया, जबकि एटी फिल्म्स हॉलीवुड के आशुतोष वाजपेयी ने हॉलीवुड फिल्मों और स्ट्रीमिंग कंटेंट को फिल्म सिटी में लाने का प्रस्ताव सौंपा।
केंद्र सरकार की योजना के तहत स्वीकृति
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की "कैपिटल इन्वेस्टमेंट हेतु राज्यों को विशेष सहायता – ग्लोबल स्तर के आइकॉनिक पर्यटन केंद्रों का विकास" योजना के तहत इन दोनों परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। चित्रोत्पला फिल्म सिटी के लिए 95.79 करोड़ रुपये और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के लिए 52.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों परियोजनाएं पीपीपी मॉडल पर विकसित होंगी और निजी क्षेत्र से लगभग 300 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इन्हें दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी फिल्म सिटी
लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली चित्रोत्पला फिल्म सिटी में गांव, शहर और गलियों के सेट, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, जेल, पुलिस चौकी, स्कूल-कॉलेज, मंदिर, स्कल्प्चर गार्डन, शॉपिंग स्ट्रीट, प्रोडक्शन ऑफिस, स्टूडियो, प्रशासनिक भवन और पार्किंग की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पर्यटकों के लिए टॉय म्यूजियम, स्नो वर्ल्ड, होटल, रेस्टोरेंट, मल्टीप्लेक्स और एक्सपीरियंस सेंटर भी होंगे।
ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में लगभग 1500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन हॉल, मीटिंग और कॉन्फ्रेंस सुविधाएं, बैंक्वेट, रेस्टोरेंट, अतिथि कक्ष, जिम, लाइब्रेरी, स्विमिंग पूल और प्रशासनिक ब्लॉक विकसित किए जाएंगे।
रोजगार और फिल्म टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
हाल के वर्षों में छत्तीसगढ़ में न्यूटन, जहानाबाद, कौन प्रवीण तांबे, द ग्रेट इंडियन मर्डर और ग्राम चिकित्सालय जैसी फिल्मों और वेब सीरीज़ की शूटिंग हो चुकी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, फिल्म फेस्टिवल और अवॉर्ड शो आयोजित होंगे तथा फिल्म टूरिज्म के साथ-साथ सामान्य पर्यटन में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।












Click it and Unblock the Notifications