Bilaspur Train Accident: बिलासपुर में ट्रेन हादसे में अब तक 5 की मौत, रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
Bilaspur Train Accident Update: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हो गया। एक मेमू पैसेंजर ट्रेन की टक्कर मालगाड़ी से हो गई, जिसमें अब तक 5 लोगों की मौत और 14 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
यह हादसा शाम करीब 4 बजे गेटोरा और बिलासपुर के बीच हुआ। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है। वहीं रेलवे ने परिजनों और यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। लाल खदान क्षेत्र में घटनास्थल पर डॉक्टर्स की कई टीमें मौजूद हैं, जो ट्रेन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने और घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने में जुटी हैं।
राहत के लिए रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान
रेलवे ने हादसे में प्रभावित यात्रियों के लिए एक्स-ग्रेशिया मुआवजा (Ex-Gratia Compensation) की घोषणा की है।
- मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख दिए जाएंगे।
- गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख की सहायता मिलेगी।
- मामूली रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख का मुआवजा दिया जाएगा।
रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रोकी गईं
हादसे के बाद कोरबा और रायगढ़ रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
- विशाखापट्टनम एक्सप्रेस, जो शाम 4:10 बजे रवाना होने वाली थी, प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी है।
- विशाखापट्टनम से अमृतसर जाने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस रायगढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर रुकी हुई है।
- हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस को भी रायगढ़ में रोक दिया गया है।
- रायपुर लोकल ट्रेन को भी रोक दिया गया है। इसे 6:45 पर ही रवाना होना था लेकिन अब तक इसका संचालन नहीं हुआ है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई है। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को समझ नहीं आ रहा है कि कौन सी ट्रेन लेट है और कब तक आएगी। कई लोग अपनी टिकट कैंसिल कराने के लिए टिकट काउंटर पर खड़े हैं जिससे काफी भीड़-भाड़ की स्थिति हो गई है।
मौके पर चल रहा राहत अभियान
यात्रियों का कहना है कि हादसे के बाद से उन्हें किसी स्पष्ट जानकारी का इंतजार है, जिससे रेलवे स्टेशनों पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और कहा है कि राहत कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता घायलों के उपचार और फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने पर दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications