बारिश से बेहाल चेन्नई में हीरो बने फ्रंटलाइन वर्कर, सोशल मीडिया पर छाए ये गुमनाम नायक
चेन्नई, 13 नवम्बर। भारी बारिश ने चेन्नई शहर का हाल बेहाल रखा है। भारी बारिश ने पूरे शहर को पानी से भर दिया। शहर के कई इलाकों में तो बाढ़ की स्थिति सी बन गई। बारिश और बाढ़ के चलते जहां पूरा जनजीवन अस्तव्यस्त था और लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया था वहीं इस मुश्किल घड़ी में कुछ ऐसे भी गुमनाम नायक थे जो बिना डरे या घबराए शहर में लोगों की मदद कर रहे थे। इनमें पुलिसकर्मियों से लेकर सफाई कर्मचारी शामिल थे जो नाम की परवाह किए बिना सिर्फ अपना काम कर रहे थे। लेकिन इन गुमनाय नायकों के काम को लोगों ने खूब पसंद किया है और इनके काम करने के जज्बे को लोग सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी ट्वीट कर इनकी तारीफ की है।

ट्विटर यूजर बालाजीत ने एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें एक महिला सफाईकर्मी भारी बारिश के दौरान सड़कों की सफाई कर रही है। पोस्ट के मुताबिक यह तस्वीर चेन्नई के रोयापेट्टा जगह की है। इस पर उन्होंने कैप्शन दिया है "भारी बारिश में मैं घर वापस जा रहा था तभी एक महिला सफाई कर्मचारी को देखा जो भारिश के बावजूद अपना काम कर रही थी। मुझे पता है कि यह उनका काम है लेकिन फिर भी ऐसे समय में काम करना वास्तव में काबिले तारीफ है।
एक ट्वीट ग्रेटर चेन्नई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी किया गया है जिसमें एक महिला को पुलिसकर्मियों की टीम सुरक्षित लेकर जा रही है। तस्वीर में नजर आ रहा है कि पुलिसकर्मी घुटने तक पानी में चलकर महिला को उठाए हुए हैं और उसे एंबुलेंस के पास ले जा रहे हैं।
ट्विटर पर इन फ्रंटलाइन वर्कर की विशाल सेना की तारीफ में आम लोगों के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी शामिल हो गए। स्टालिन ने अपने आधिकारिक ट्विटर एकाउंट से इन फ्रंटलाइन वर्कर की तारीफ करते हुए ट्वीट किया। तमिल में लिखे इस ट्वीट में उन्होंने लिखा "मैं पुलिस, इलेक्ट्रीशियन, सफाईकर्मी और चिकित्साकर्मियों के साथ ही राहत कार्य में शामिल सभी लोगों को उनकी सेवा के लिए नमन करता हूं जो इस भीषण बाढ़ में लोगों को सामान्य जनजीवन को ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर राजेश्वरी पूरे देश में छाई
इनके अलावा चेन्नई की एक महिला पुलिस इंस्पेक्टर पूरे देश में चर्चा में आ गई जब बारिश में घायल हुए एक व्यक्ति को अपने कंधे पर लादकर ले जाते उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों ने देखा। उनके काम की पूरे देश में तारीफ हुई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राजेश्वरी से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।












Click it and Unblock the Notifications