फ्रॉड का अजीबो-गरीब मामला, सालों बाद घर लौटा शख्स, छोटे मकान की जगह खड़ी मिली बहुमंजिला इमारत
Chennai Hindi News: तमिलनाडु के चेन्नई में फ्रॉड का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक 42 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने मदिपक्कम में एक जमीन पर कब्जा किया, साथ ही उस पर बहुमंजिला इमारत भी खड़ी कर दी। अब जब सालों बाद जमीन का असली मालिक वहां पर पहुंचा तो उसे घर का पूरा नक्शा ही बदला हुआ मिला।

बेंगलुरु में रहता था मालिक
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता का मदिपक्कम इलाके में एक छोटा मकान था, लेकिन काम के सिलसिले में वो परिवार के साथ बेंगलुरु रहने लगे। इसके बाद आरोपी राजमन्नार ने एक अन्य व्यक्ति को उस जगह का मालिक बनाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दिए। बाद में अपने नाम जमीन ट्रांसफर करवा ली। राजमन्नार वैसे तो मलयम्बक्कम का निवासी है, लेकिन वो एक प्राइवेट बिल्डर के लिए काम करता है।

1988 में ली थी जमीन
जब जमीन के असली मालिक नागलिंगमूर्ति को ये मामला पता चला तो वो पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे। बाद में EDF प्रिवेंशन विंग ने जांच कर इस मामले में कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक नागलिंगमूर्ति ने 1988 में 2400 स्क्वायर फीट जमीन खरीदी थी। बाद में उसी पर मकान बनवाया। इसके 6 साल बाद वो बेंगलुरु शिफ्ट हो गए। इस बीच उनकी पत्नी का निधन हो गया। जिस वजह से उन्हें अपने घर की हालत देखने की फुर्सत नहीं मिली। सालों बाद जब वो वापस लौटे तो हैरान रह गए। उनकी जमीन पर उनके घर का नामो-निशान ही नहीं था।

तीन और लोग गिरफ्तार
मौजूदा वक्त में नागलिंगमूर्ति की जमीन पर 6 मंजिला इमारत है, जो बिना उनकी इजाजत के बनाई गई है। पुलिस ने राजमन्नार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है, जो जमीन ट्रांसफर के मामले में शामिल थे। जिनकी पहचान एम. काजा मोइद्दीन, एम. मोहन और जे रामैया के रूप में हुई है। वहीं इसी तरह का एक मामला तिरुवल्लुर जिले के थिरुनिन्रावुर में भी सामने आया है, जहां पर दो भाइयों ने मिलकर 2.5 करोड़ की जमीन हड़प ली। इसमें एक को तो पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार है।
(तस्वीरें-प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications