चेन्नई में पोरूर के पास इमारत गिरने से 10 लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी
चेन्नई। उपनगरीय पोरूर इलाके में एक निर्माणाधीन 11 मंजिला इमारत के गिरने की घटना में 9 व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि 10 से ज्यादा अन्य के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियां बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
श्री रामचंद्र मेडिकल यूनिवर्सिटी :एसआरएमयू: के प्रवक्ता पी. वी. नल्लमुथु ने कहा कि कुल 20 लोगों को बचाया गया और एसआरएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने कहा कि 25 अन्य को मलबे से निकालने का प्रयास जारी है।
नगर पुलिस आयुक्त एस जॉर्ज ने कहा कि यहां से तकरीबन 20 किलोमीटर दूर मौलीवक्कम में एक इमारत के गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई। शहर के इस इलाके और कई अन्य इलाकों को आज शाम बारिश की बूंदों ने सराबोर किया।
दमकल एवं बचाव सेवा के संयुक्त निदेशक एस विजयशेखर ने इससे पहले कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इमारत के गिरने के दौरान तकरीबन 50 श्रमिक वहां मौजूद थे। घटना पर शोक प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री जे जयललिता ने कहा कि उनके निर्देश पर एनडीआरएफ दलों को पड़ोसी अरक्कोणम से रवाना किया गया है। वहीं, अनेक एजेंसियां राहत अभियान में लगी हुई हैं। एक वक्तव्य में जयललिता ने कहा कि उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया है।

50 से अधिक लोग दबे
दमकल सेवा व पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को निर्माणाधीन इमारत के ढह जाने से नौ लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 50 से अधिक लोग दब गए थे।

शनिवार से जारी है राहत कार्य
पुलिस के मुताबिक 11 मंजिला इमारत गिरने के बाद शनिवार से ही राहत कार्य जारी है।

मामले में चार लोग गिरफ्तार
पुलिस ने चार लोगों को इस संबंध में गिरफ्तार किया है। इनमें से दो-मनोहरण और उनका बेटा मुथु इस इमारत के डेवलपर्स हैं जबकि दो इंजीनियर हैं।

मेट्रो के उपकरण करेंगे राहत कार्य
चेन्नई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से राहत कार्य के लिए उपकरण देने को कहा गया है। चेन्नई के पुलिस कमिश्नर एस. जॉर्ज का कहना है कि कई टीमें मिलकर काम कर रही हैं। हादसे की वजह की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री के कड़े तेवर
मुख्यमंत्री जे जयललिता ने कहा कि उनके निर्देश पर एनडीआरएफ दलों को पड़ोसी अरक्कोणम से रवाना किया गया है।











Click it and Unblock the Notifications