बीजेपी ने चंद्रकांत पाटिल को बनाया महाराष्ट्र का अध्यक्ष
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। चंद्रकांत पाटिल को महाराष्ट्र बीजेपी की कमान दी गई है। इसके पहले, रावसाहेब दानवे ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। रावसाहेब दानवे के मोदी सरकार में मंत्री बनने के बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रदेश की कमान किसी अन्य नेता को सौंपी जाएगी।
इसके अलावा पार्टी ने मुंबई बीजेपी अध्यक्ष के नाम का भी ऐलान कर दिया है। पार्टी ने मंगल प्रभात लोढ़ा को मुंबई बीजेपी का अध्यक्ष घोषित किया है। भाजपा के पार्टी मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी। चंद्रकांत पाटिल फडणवीस सरकार में राजस्व मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मंगल प्रभात लोढ़ा को मुंबई बीजेपी का अध्यक्ष घोषित किया गया
आशीष सेलार को फडणवीस सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद उनके स्थान पर लोढ़ा को ये जिम्मेदारी दी गई है। फडणवीस सरकार में आशीष शेलार को शिक्षा और क्रीड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लिए भी नए पार्टी अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने योगी सरकार में परिवहन मंत्री और वरिष्ठ नेता स्वतंत्रदेव सिंह को यूपी का अध्यक्ष घोषित किया है।
इसके पहले, महेंद्र नाथ पांडेय यूपी के अध्यक्ष थे, लेकिन मोदी सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद से नए नामों को लेकर अटकलें तेज हो गईं थीं। स्वतंत्रदेव सिंह के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है। लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान वे मध्य प्रदेश के प्रभारी थे और उनकी देखरेख में भाजपा ने मध्य प्रदेश में काफी अच्छा प्रदर्शन किया, इस चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 29 में से 28 सीटों पर जीत हासिल की।