लोकसभा चुनाव से पहले NDA में लौटे चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश में TDP-BJP का गठबंधन, पवन कल्याण भी आए साथ
लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही वक्त बचा है। ऐसे में अन्य प्रदेशों की तरह आंध्र प्रदेश में भी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सभी दल अपनी-अपनी बिसात बिछाने में लगे हैं।
इसी कड़ी में आंध्र प्रदेश में भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और जनसेना पार्टी के बीच शनिवार को गठबंधन के लिए सहमति बन गई है। TDP सांसद कनकमेदाला रवींद्र कुमार ने भी बताया कि उनकी पार्टी NDA में शामिल हो रही है।

शनिवार को तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से गठबंधन के मुद्दे को लेकर मुलाकात की। इसमें TDP सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू और जनसेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण भी शामिल हुए। तीनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है और जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है।
बीजेपी और जन सेना से गठबंधन के बारे में बताते हुए चंद्रबाबू नायडू ने मीडिया से कहा कि गठबंधन पर मुख्य रूप से सहमति बन चुकी है। एक-दो दिन में फाइनल सीटों की घोषणा कर दी जाएगी। चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश बुरी तरह से बर्बाद हो गया है। इस गठबंधन के साथ आने से देश और राज्य को फायदा मिलेगा।
हालांकि अटकलों के मुताबिक बीजेपी और जनसेना को 8 लोकसभा और 30 विधानसभा सीटें मिल सकती हैं। वहीं, टीडीपी 17 लोकसभा और 145 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। बीजेपी अराकू, राजमुंदरी, नरसापुरम, तिरूपति, हिंदूपुर, राजमपेट लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, जनसेना अनकापल्ली, काकीनाडा या मछलीपट्टनम सीट से उम्मीदवार उतार सकती है।
आंध्र प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव में वाईएसआरसी ने जीत हासिल की थी। राज्य की 175 में से 151 विधानसभा सीटों पर इस पार्टी को जीत मिली थी। इसके बाद जगन मोहन रेड्डी राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। वहीं इस चुनाव में टीडीपी बुरी तरह फेल साबित हुई थी। पार्टी को महज 23 सीटों से संतोष करना पड़ा था।
कांग्रेस और बीजेपी के खाते में कोई सीट नहीं गई थी। विधान सभा ही नहीं, लोकसभा चुनाव में भी दोनों पार्टियों को खाली हाथ रहना पड़ा था। राज्य की कुल 25 सीटों में 22 वाईएसआरसी के खाते में गई थीं। वहीं, टीडीपी को 3 सीटें मिली थीं। इस बार गठबंधन के जरिए बीजेपी राज्य में अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications