नायडू के साथ पीएम मोदी की बातचीत से आंध्र प्रदेश में नए गठबंधन की चर्चा
नायडू के साथ पीएम मोदी की बातचीत से आंध्र प्रदेश में नए गठबंधन की चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) चीफ एन चंद्रबाबू नायडू के बीच शनिवार को नई दिल्ली में हुई पांच मिनट की अनौपचारिक बातचीत ने आंध्र प्रदेश में राजनीतिक पुनर्गठन की चर्चाओं को हवा दे दी। पीएम मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रपति भवन में "आजादी का अमृत महोत्सव" की राष्ट्रीय समिति की बैठक में नायडू भाग लेने के लिए दिल्ली आए थे। बैठक खत्म होने के बाद पीएम मोदी टीडीपी चीफ नायडू के पास आए, उनसे हाथ मिलाया और उनके साथ संक्षिप्त बातचीत की।

बैठक के बाद नायडू ने मीडिया से कहा कि पीएम मोदी ने उनसे मुलाकात की और उनके परिवार और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा, "उन्होंने मुझसे पूछा कि मैं इतने सालों से दिल्ली क्यों नहीं आ रहा था और मैंने उनसे कहा कि मुझे वहां कोई काम नहीं है।" जब पीएम मोदी ने नायडू से एक बार मिलने के लिए दिल्ली आने को कहा, तो नायडू ने जवाब दिया कि अगर उन्हें समय मिलता है तो वह भी उनसे मिलना चाहेंगे। नायडू ने पीएम मोदी के हवाले से कहा कि आप जब भी आना चाहें, बस हमारे कार्यालय को सूचित करें।
हालांकि पीएम मोदी और पूर्व सीएम नायडू के बीच बातचीत बहुत संक्षिप्त थी, लेकिन इसने राज्य के राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी, क्योंकि दोनों चार साल से अधिक के अंतराल के बाद पहली बार मिल रहे थे।
आपको बता दें कि साल 2014 के आम चुनाव के दौरान टीडीपी का भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन था, जब तेलंगाना को बनाने के लिए संयुक्त आंध्र प्रदेश को विभाजित किया गया था। नायडू शेष आंध्र प्रदेश में सत्ता में आए और तेदेपा मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में शामिल हो गई। हालांकि, मार्च 2018 में तेदेपा आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर एनडीए से बाहर आ गई और बीजेपी से नाता तोड़ लिया था।












Click it and Unblock the Notifications