Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 के टॉप 10 अभ्यर्थियों ने की मुलाकात
रायपुर में, टॉप 10 छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 के फाइनलिस्ट मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले। उन्होंने तैयारी के अनुभवों, परीक्षा की चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रशिक्षण और पारदर्शी परीक्षाओं के लिए सरकार के समर्थन की पुष्टि की, जबकि लोक सेवा की जिम्मेदारियों और जनता का विश्वास जीतने पर जोर दिया।
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 के टॉप 10 अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को सफलता के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर और राजभाषा अधिकारी छगन लाल नागवंशी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी के अनुभव, परीक्षा के दौरान आने वाली चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के कारण विद्यार्थियों ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2024 में प्रदेश के युवाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन गर्व की बात है। राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आगे अभ्यर्थियों की भूमिका लोकसेवक की होगी। दायित्वों के निर्वहन में धैर्य, विनम्रता और लोक सेवक की सीमाओं का ध्यान रखना आवश्यक है। आम जनमानस में प्रशासन का विश्वास कायम रखने की दिशा में संवेदनशीलता से प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसका परिणाम परीक्षा परिणामों में साफ दिखाई देता है।
टॉपर विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए जिम्मेदारी का नया अध्याय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगे और प्रदेश के विकास में योगदान देंगे।
इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थी देवेश प्रसाद साहू, स्वप्निल वर्मा, यशवंत कुमार देवांगन, पोलेश्वर साहू, पारस शर्मा, शताक्षी पाण्डेय, अंकुश बैनर्जी, सृष्टि गुप्ता, प्रशांत वर्मा और सागर वर्मा सपरिवार उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications