TV चैनलों की मनमानी पर केंद्र सख्त! आतंकी ऑपरेशन की LIVE कवरेज से AI तक, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई

टीवी पर खबर दिखाने की आजादी है, लेकिन क्या इसके नाम पर कुछ भी प्रसारित किया जा सकता है? केंद्र सरकार ने अब इसी सवाल को लेकर निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों को सख्त संदेश दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सभी निजी चैनलों को प्रोग्राम कोड का पूरी तरह पालन करने की सलाह दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम, 1995 और इससे जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है।

मंत्रालय की इस एडवाइजरी में आतंकी ऑपरेशन की लाइव कवरेज, हिंसक तस्वीरें, अपराध की सनसनीखेज रिपोर्टिंग, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में पीड़ितों की पहचान उजागर करने और भड़काऊ बहस जैसे मुद्दों पर खास जोर दिया गया है। इसके अलावा, खबरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा गया है।

Centre Warns Private TV Channels On Programme Code Violations strict action warning mib

टीवी चैनलों को अचानक एडवाइजरी क्यों जारी करनी पड़ी?

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह सलाह केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम, 1994 के नियम 6 के तहत तय प्रोग्राम कोड के पालन को लेकर जारी की है। मंत्रालय के मुताबिक, प्रोग्राम कोड के तहत गठित अंतर-विभागीय समिति (आईडीसी) ने पाया कि कुछ चैनलों पर प्रसारित सामग्री नियमों की भावना के मुताबिक नहीं थी। समिति ने यह भी गौर किया कि अलग-अलग चैनलों पर एक ही विषय से जुड़ी मिलती-जुलती खबरें और तस्वीरें बार-बार दिखाई जा रही थीं।

मंत्रालय ने चैनलों को साफ कहा है कि वे नियमों का सिर्फ औपचारिक पालन न करें, बल्कि उनकी भावना को भी समझें। प्रसारण में अनुचित व्यवहार और भाषा को सामान्य बनाकर पेश नहीं किया जाना चाहिए। एडवाइजरी में आठ प्रमुख बिंदुओं के जरिए संपादकीय जिम्मेदारी और खबरों की प्रस्तुति पर जोर दिया गया है।

आतंकी ऑपरेशन की LIVE कवरेज पर रोक, क्या हैं नियम

मंत्रालय ने साफ किया है कि सुरक्षा बलों के आतंकरोधी ऑपरेशन की लाइव कवरेज की इजाजत नहीं है। केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम, 1994 के नियम 6(1)(p) के तहत ऐसे ऑपरेशन का सीधा प्रसारण प्रतिबंधित है। ऑपरेशन खत्म होने तक चैनलों को अधिकृत अधिकारी की ओर से दी जाने वाली समय-समय पर ब्रीफिंग तक अपनी कवरेज सीमित रखने की सलाह दी गई है।

इसका मकसद ऑपरेशन से जुड़ी संवेदनशील जानकारी के प्रसारण से बचना है। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर तस्वीरों और वीडियो पर समय और तारीख का उल्लेख किया जाए, ताकि पुरानी फुटेज को लाइव घटनाक्रम बताकर दिखाने से दर्शकों के बीच गलतफहमी न फैले। मंत्रालय इस मुद्दे पर 12 जून 2024 और 26 अप्रैल 2025 को भी एडवाइजरी जारी कर चुका है।

हिंसक तस्वीरें और अपराध की खबरों में क्या बदलना होगा?

टीवी चैनलों को हिंसक, परेशान करने वाली और ग्राफिक तस्वीरें दिखाते समय ज्यादा सावधानी बरतने को कहा गया है। ऐसी सामग्री का प्रसारण दर्शकों की संवेदनशीलता और शालीनता का ध्यान रखकर किया जाना चाहिए। अपराध और हिंसा से जुड़ी खबरें सत्यापित तथ्यों पर आधारित हों और उन्हें संतुलित तरीके से पेश किया जाए।

मंत्रालय ने सनसनी फैलाने वाली रिपोर्टिंग से बचने की सलाह दी है। किसी अपराध या गैरकानूनी व्यवहार को इस तरह नहीं दिखाया जाना चाहिए कि वह सामान्य या आकर्षक लगे। परेशान करने वाले दृश्यों को बार-बार दिखाने से भी बचना होगा। जहां जरूरत हो, वहां तस्वीरों को धुंधला करने या संबंधित हिस्से को ढकने की व्यवस्था करने को कहा गया है।

महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में पहचान उजागर नहीं कर सकेंगे

महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध से जुड़ी खबरों में तस्वीरें और दूसरी जानकारी दिखाने से पहले चैनलों को पूरी सावधानी बरतनी होगी। मंत्रालय ने यौन अपराधों के पीड़ितों की पहचान सुरक्षित रखने पर खास जोर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और लागू कानूनों के मुताबिक, पीड़ित का नाम ही नहीं, बल्कि ऐसी कोई भी जानकारी प्रसारित नहीं की जानी चाहिए जिससे उसकी पहचान सामने आ सके।

इसमें तस्वीरें, परिवार से जुड़ी जानकारी और पहचान तक पहुंचाने वाले दूसरे विवरण भी शामिल हैं। प्राकृतिक आपदा, बड़े हादसे और दूसरी गंभीर घटनाओं की कवरेज में भी चैनलों को तथ्यों की पुष्टि करने और जरूरत के मुताबिक फुटेज पर समय का उल्लेख करने की सलाह दी गई है। इसका मकसद गलत जानकारी और बेवजह दहशत फैलने से रोकना है।

बहस में भड़काऊ बयान आए तो चैनल को क्या करना होगा?

मंत्रालय ने लाइव डिबेट और पैनल चर्चाओं को लेकर भी चैनलों की जिम्मेदारी तय की है। बहस के दौरान ऐसी बातें प्रसारित नहीं होनी चाहिए जो सांप्रदायिक तनाव या देश-विरोधी रवैये को बढ़ावा दें। चैनलों को पैनलिस्ट और दूसरे प्रतिभागियों का चयन सोच-समझकर करने और उन्हें पहले से जरूरी निर्देश देने को कहा गया है।

अगर किसी चर्चा में अपमानजनक, गाली-गलौज वाली या भड़काऊ बात कही जाती है, तो चैनल को जरूरत के मुताबिक आवाज बंद करने, डिस्क्लेमर देने, प्रसारण रोकने या फीड बंद करने जैसे कदम उठाने चाहिए। मंत्रालय का जोर इस बात पर है कि संपादकीय नियंत्रण सिर्फ खबर तैयार करने तक सीमित न रहे, बल्कि लाइव प्रसारण के दौरान भी बना रहे।

इसके साथ ही चैनलों को भारत के नक्शे के लिए भारतीय सर्वेक्षण विभाग की ओर से प्रकाशित प्रामाणिक नक्शों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। यह निर्देश टीवी प्रसारण, ग्राफिक्स और डिजिटल प्रस्तुतियों पर भी लागू होता है।

AI से खबर बनाने पर भी मंत्रालय की नजर

एडवाइजरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और जनरेटिव एआई के इस्तेमाल पर भी सावधानी बरतने को कहा गया है। चैनल ग्राफिक्स और वर्चुअल न्यूज प्रेजेंटेशन जैसे कामों में एआई का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इसे सहायक साधन तक सीमित रखने की सलाह दी गई है। एआई के इस्तेमाल से खबर की सटीकता, प्रामाणिकता और संवेदनशीलता से समझौता नहीं होना चाहिए।

मंत्रालय ने चैनलों को अपने संपादकीय और कंटेंट रिव्यू सिस्टम को मजबूत करने के लिए भी कहा है। खबर जुटाने, संपादन, प्रोडक्शन, ट्रांसमिशन और प्रसारण से जुड़े कर्मचारियों को प्रोग्राम कोड के बारे में जागरूक करने की सलाह दी गई है। इसके लिए नियमित वर्कशॉप और ट्रेनिंग सेशन आयोजित करने को भी प्रोत्साहित किया गया है।

नियम तोड़ने पर क्या कार्रवाई हो सकती है?

इस एडवाइजरी का सीधा संदेश है कि खबर दिखाने की आजादी के साथ चैनलों की जिम्मेदारी भी जुड़ी है। प्रोग्राम कोड का पालन केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम, 1995 की धारा 5 और केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम, 1994 के नियम 6 के तहत जरूरी है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि इन प्रावधानों का उल्लंघन होने पर कानून और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

हालांकि, एडवाइजरी जारी होने का मतलब यह नहीं है कि सभी चैनलों पर कोई नई पाबंदी अपने आप लागू हो गई है। मंत्रालय ने मौजूदा नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। अब चैनलों के लिए चुनौती यह है कि खबरों को तेज और असरदार तरीके से पेश करते हुए तथ्यों की पुष्टि, पीड़ितों की निजता और जिम्मेदार पत्रकारिता के मानकों को भी बनाए रखें।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+